पाकिस्तान से चला तूफान पहुंचा बिहार, हाई अलर्ट जारी
जिला प्रशासन ने आइएमडी भारत सरकार के हवाले से जारी किया हाई अलर्ट। मंगलवार की शाम कई प्रखंडों में आंधी आने के साथ हुई बारिश। अलर्ट में अधिकतम 70 किमी की गति से हवा चलने की आशंका।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अगले 48 घंटे में उत्तर बिहार में चक्रवाती तूफान की आशंका से जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इस बीच मंगलवार की शाम ग्रामीण क्षेत्रों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। इससे गेहूं व मक्का की फसलों को भारी नुकसान हुआ। जिला प्रशासन ने इंडिया मेट्रोलाजिकल डिपार्टमेंट (आइएमडी) के हवाले से यह हाई अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम विभाग पूसा के अनुसार पाकिस्तान के समुद्री क्षेत्र से प्रेरित चक्रवाती तूफान का पश्चिमी विक्षोभ उत्तर बिहार पहुंच गया है। इसका असर शुरू हो गया है।
अगले 48 घंटे में इससे भारी तूफान की आशंका है। हालांकि, 19 अप्रैल से आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जिला प्रशासन के हाई अलर्ट में कहा गया है कि उत्तर बिहार के तराई क्षेत्रों में तूफान व भारी बारिश की आशंका है। मैदानी क्षेत्रों में इसका पूरा असर रहेगा। तूफान की गति अधिकतम 70 किलोमीटर तक हो सकती है।
बहरहाल, मंगलवार को मुशहरी, औराई समेत आधा दर्जन प्रखंडों में आंधी आई और बारिश से मक्का की फसल को भारी नुकसान हुआ है। लीची और आम के टिकोले भी गिरे। प्रगतिशील किसान संतोष कुमार व अशोक शर्मा ने कहा कि दोनों फलों व मक्का अरहर जैसी खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है। उधर, मौसम विभाग से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 17 से 21 तक अधिकतम तापमान 36 से 38 व न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह में नमी अधिकतम 75 एवं दोपहर में 45 फीसद रहने की संभावना है।
किसानों के लिए सुझाव
तूफान व भारी बारिश की आशंका को देखते हुए अगले दो दिनों तक किसान गेहूं व अरहर की कटनी - दौनी सावधानी से करें। कीटनाशकों का छिड़काव मौसम साफ रहने पर ही करें।
पूसा मौसम विभाग मौसम वैज्ञानिक डॉ. गुलाब सिंह ने कहा कि 'उत्तरी पाकिस्तान और पड़ोस पर समुद्र के स्तर से 3.1 किमी ऊपर चक्रवाती तूफान पश्चिमी विक्षोभ के रूप में बना है। पश्चिमी राजस्थान और उससे सटे पाकिस्तान से प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण अब उत्तर पश्चिम राजस्थान से होता हुआ बिहार पहुंच गया है। मंगलवार को मौसम का बदलाव इसी का हिस्सा है। Ó