मोतिहारी में शराब के नशे में धुत्त दारोगा गिरफ्तार, कमरे को बना रखा था मयखाना, जानिए...
पूर्वी चंपारण के मुफस्सिल थाने में कार्यरत मुन्ना सिंह नशे के हालत में गिरफ्तार किए गए। बक्सर जिले का है निवासी मुन्ना। शराब पीने की पुष्टि के बाद जेल भेजा गया।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। मुफस्सिल थाने के दारोगा मुन्ना कुमार सिंह को नशे में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसके कमरे से शराब जब्त की गई। चिकित्सकीय जांच के बाद सोमवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तार दारोगा बक्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र के केसत चौगाई गांव का निवासी है।
घटना की बाबत मुफस्सिल थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष कंचन भास्कर ने खुद के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की। साथ ही अवर निरीक्षक मिथिलेश सिंह को जांच का निर्देश दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि रविवार रात सवा दस बजे झगड़ा होने की आवाज सुनाई दी। जब मुन्ना सिंह के आवास पर पहुंचे तो देखा कि वह एक जज के अंगरक्षक से बिजली काटने को लेकर विवाद कर रहा था।
इस दौरान दारोगा नशे की हालत में था। उसके कमरे में अंग्रेजी शराब भी रखी थी। तब एसपी के आदेश पर उसे हिरासत में लिया गया। चिकित्सकीय जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई। बाद में उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, हिरासत में जाने से पूर्व मुन्ना सिंह ने थाने में बताया कि उसे अंगरक्षक द्वारा गलत तरीके से फंसाया गया है।