मुजफ्फरपुर में स्पेशल आपरेशन में पकड़े गए बदमाशों ने बताया, वे कैसे बने बिगड़े शहजादे
विशेष अभियान के दौरान हिरासत में लिए संदिग्धों ने दी जानकारी। निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी दो और संदिग्धों को लिया हिरासत में। इसका नेतृत्व प्रशिक्षु डीएसपी सियाराम यादव कर रहे हैं। इनके साथ अहियापुर सदर नगर व मिठनपुरा थाने की पुलिस टीम शामिल थी।
मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। स्मैक की लत पूरी करने के लिए चोरी, लूट, छिनतई व झपट्टा मारने की घटनाओं को स्मैक का नशा करने वालों द्वारा अंजाम दिया जाता है। विशेष अभियान के दौरान अहियापुर, नगर व मिठनपुरा इलाके से हिरासत में लिए गए छह संदिग्धों से पूछताछ में पुलिस के समक्ष यह जानकारी सामने आई है। इनकी निशानदेही पर विशेष टीम ने मंगलवार को भी शहर में कई जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान दो और संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि स्मैक का नशा करने वालों की गिरफ्तारी के साथ इस धंधे से जुड़े मेन सप्लायर के चेन को तोडऩे को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का नेतृत्व प्रशिक्षु डीएसपी सियाराम यादव कर रहे हैं। इनके साथ अहियापुर, सदर, नगर व मिठनपुरा थाने की पुलिस टीम शामिल थी।
बता दें कि सोमवार को चलाए गए अभियान में छह को हिरासत में लिया गया था। इन सभी के पास से कई पुडिय़ा स्मैक भी जब्त की गई थी। पूछताछ में अहियापुर व शहर के चतुर्भुज स्थान इलाके के कई मुख्य धंधेबाजों के नाम सामने आए है। कहा गया कि शहर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय छोटे धंधेबाजों को इनके यहां से ही स्मैक की आपूर्ति की जाती है। इसके बाद वे लोग कालेज, स्कूल के छात्रों व अन्य ग्राहकों के हाथों स्मैक की बिक्री करते हैं। गत दिनों भी सदर थाने की पुलिस ने छह धंधेबाजों को गिरफ्तार किया था। उन लोगों ने बताया था कि कालेज व स्कूल के छात्र भी उनके ग्राहक हैं।
स्मैक नशेडिय़ों ने लूट लिया था बैंक
स्मैक नशेडिय़ों ने चार वर्ष पूर्व सदर थाना क्षेत्र के भिखनपुरा में एक बैंक को लूट लिया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद अभियान चलाया गया, लेकिन स्मैक के धंधे की चेन को ध्वस्त नहीं किया जा सका। नतीजा दिन-प्रतिदिन स्मैक का धंधा बढ़ता ही जा रहा है।