Bihar Assembly Elections 2020 Dates: खत्म हुई इंतजार की घड़ी, बज गया चुनावी बिगुल, तीन चरणों में होगा मतदान, नतीजे 10 नवंबर को
Bihar Assembly Elections 2020 Dates पहले चरण की अधिसूचना 1 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। 28 अक्टूबर को होगा पहले चरण का मतदान। 3नवंबर को दूसरे चरण व 7 नवंबर को तीसरे चरण का मतदान होगा। 10 नवंबर को चुनाव परिणाम आएंगे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Bihar Assembly Elections 2020 Dates : भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार में चुनाव की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गया है। चुनाव तीन चरणों में होगा। पहले चरण में 16 जिलों और 71 सीटों पर चुनाव। दूसरे चरण में 17 जिलों में चुनाव होगा। दूसरे चरण में 94 सीटों पर चुनाव होगा।तीसरे चरण में 15 जिलों में 78 सीटों पर चुनाव होगा। पहले चरण की अधिसूचना 1 अक्टूबर को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। 28 अक्टूबर को होगा पहले चरण का मतदान। 3नवंबर को दूसरे चरण व 7 नवंबर को तीसरे चरण का मतदान होगा। इसके साथ ही 10 नवंबर को चुनाव परिणाम आएंगे।
गौरतलब हे कि आज सुबह से ही संभावित प्रत्याशी और उनके समर्थक टीवी व अन्य सूचना माध्यमों पर नजर बनाए हुए थे। कई नेताओं की तो धड़कनें बढ़ गई थी। वैसे भी शुक्रवार की सुबह से ही हो रही बारिश के कारण अधिकांश नेताओं ने घर पर ही रहना उचित समझा। रोचक यह है कि अब भी ये आपस में कयास लगाते दिखे कि कौन सी तिथि उनके क्षेत्र के लिए बेहतर है। इस बीच दशहरा, दीपावली और छठ के आयोजन और उस दौरान अपने चुनाव प्रचार के समीकरण भी चर्चा करते रहे।
हालांकि इस बार चुनाव का आयोजन विपरीत स्थितियों में कराया जा रहा है। एक ओर जहां कोरोना का कहर जारी है वहीं दूसरी ओर लगातार बारिश के कारण उत्तर बिहार का अधिकांश हिस्सा एक बार फिर से बाढ़ की चपेट में आ गया है। एेसे में कोरोना के मानक का पालन करते हुए चुनाव कराने की चुनौती आयोग के समक्ष है।