उस घर में घुसकर मारेंगे जिस घर से अफजल निकलेगा
वीर सपूत अभिनंदन के स्वागत के बीच शुक्रवार की शाम दैनिक जागरण द ग्रेट लाफ्टर शो में हास्य के साथ वीर रस की भी धारा बही।
मुजफ्फरपुर (जेएनएन)। वीर सपूत अभिनंदन के स्वागत के बीच शुक्रवार की शाम दैनिक जागरण 'द ग्रेट लाफ्टर शो' में हास्य के साथ वीर रस की भी धारा बही। सुरेश अलबेला, राजा सागू व दीपू श्रीवास्तव ने जिला स्कूल के मैदान में हजारों दर्शकों को गुदगुदाया। साथ ही अपनी पंक्तियों से पाकिस्तान व देश में छिपे दुश्मनों पर प्रहार किया।
भारत विरोध नारे लगाने वालों को अलबेला ने इस पंक्ति से चेतावनी दी। 'भारत तेरे टुकड़े होंगे। तुम कितने अफजल मारोगे। हर घर से अफजल निकलेगा' का नारा लगाने वाले ये जान लो, 'उस घर में घुसकर मारेंगे जिस घर में अफजल निकलेगा।'
पाकिस्तान के साथ देश के अंदर छिपे दुश्मनों पर वार करने के लिए भी अलबेला ने सरकार को इस पंक्ति से संदेश दिया।
'घाटी में गैरों के झंडे, हमसे सहन नहीं होते। अफजल हम शर्मिदा हैं, ये नारे वहन नहीं होते। मन की बातें बहुत हुई, अब बंद करो ये मोदी जी। गद्दारों को माफ करो या द्वंद्व करो अब मोदी जी। अभिमन्यु को कौरव दल के चक्रव्यूह में घिरने दो। खुला छोड़ दो सेना को। सरकार गिरे तो गिरने दो। बच्चे-बच्चे की जुबां पर देशभक्ति की बोली हो। जो भारत की जय न बोले उसकी छाती में गोली हो।
इससे पहले विधायक बेबी कुमारी, जिप अध्यक्ष इंद्रा देवी, प्रदेश ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह, बीआरए बिहार विवि के प्रभारी कुलपति डॉ. आरके मंडल, पूर्व एमएलसी गणेश भारती ने विधिवत रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अतिथियों का स्वागत संपादकीय प्रभारी देवेंद्र नाथ राय ने किया। इस दौरान प्रसार प्रबंधक उदय कुमार झा, विज्ञापन प्रबंधक अजय पांडेय, मैनेजर पर्सनल राजकुमार श्रीवास्तव समेत जागरण परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे।