मुजफ्फरपुर: रिश्तेदार के साथ घर से निकली बच्ची हुई लापता, अगली सुबह खेत में मिली लाश, जानिए मामला
Muzaffarpur Crime News मुजफ्फरपुर के सरैया में दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या। सोमवार की शाम से लापता 11 वर्षीय बच्ची का शव मंगलवार की सुबह घर के पास धान के खेत में पाया गया। आरोपित गिरफ्तार रिश्ता हुआ शर्मसार।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सरैया थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की शाम से लापता 11 वर्षीय बच्ची का शव मंगलवार की सुबह घर के पास धान के खेत में पाया गया। वह अपने एक रिश्तेदार के साथ घर से निकली थी। रात में घर नहीं पहुंचने पर स्वजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। फिर सुबह में खोजबीन के बाद धान के खेत में उसका शव मिला। घटनास्थल से मृतका का सलवार, नमकीन (कुरकुरे) व माचिस बरामद की गई। पुलिस ने मृतका के रिश्तेदार रांची के मंडार थाना क्षेत्र के विजय शर्मा को हिरासत में ले लिया है। सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ सरैया राजेश कुमार शर्मा, एसएसपी जयकांत ने मामले की छानबीन करते हुए घटना की जानकारी स्थानीय लोगों से ली।
लोगों ने बताया कि सोमवार की शाम 7 बजे बच्ची अपने घर के पास हीं खेल रही थी। तभी उसका रिश्तेदार कुरकुरे का लालच देकर घर से दक्षिण की तरफ बच्ची को ले गया। लड़की का चचेरा भाई भी साथ में आया था जिसे रिश्तेदार ने भगा दिया। ग्रामीण कपिलदेव राय ने एसएसपी को बताया कि सोमवार के शाम की घटना है जिसके बाद से वह बच्ची लापता हो गई। मंगलवार को उसका शव धान के खेत से बरामद हुआ।
इधर, मृतका की मां ने भी एसएसपी को घटना के संबंध में जानकारी दी। गांव के पूर्व सरपंच सह वर्तमान सरपंच पति रविन्द्र कुमार ने भी घटना क्रम को सही करार दिया है। मुखिया पति प्रमोद सिंह व पूर्व मुखिया अनिल शर्मा ने मौके पर घटना के संबंध में बताया। मृतका तीन बहन व दो भाई थी। रांची से मृतका की मां व रिश्तेदार ईंट-भटठा में काम करने आया था। आरोपित फिलहाल यूपी में काम करता था जो घटना के एक दिन पहले पत्नी व बच्चे के साथ वहां आया था।