शिवहर में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका, पुत्र व पतोहू सहित चार लोग हिरासत मेंं
शव गांव में उसके ही घर के पीछे से मिला है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई जहां सूचना पर पुलिस उक्त गांव पहुंची।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शिवहर में एक महिला का शव बुधवार को बरामद किया गया है। उसके सिर पर गहरे जख्म का निशान है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के भोड़हां गांव निवासी कांति देवी (55 वर्ष) के रूप में की गई है। उसका शव गांव में उसके ही घर के पीछे से मिला है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई जहां सूचना पर पुलिस उक्त गांव पहुंची और शव का मुआयना किया। घटना के बावत पुलिस ने ग्रामीणों से जानकारी ली जिसके आधार पर मृतका के पुत्र मोहन कुमार, पतोहू काजल देवी सहित काजल देवी के दो भाईयों को हिरासत में ले लिया और सभी चारों को थाना साथ ले गई।
महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, महिला के घर में पारिवारिक विवाद चल रहा था। संभावना जताई जा रही है कि इसी कलह को लेकर उसकी हत्या कर दी गई है। थानाध्यक्ष गोरख राम ने बताया कि मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनलोगों से पूछताछ की गई जहां कई जानकारी मिली। कहा कि मृतका के घर की तलाशी ली गई जहां से 50 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।