COVID-19 : Coronavirus : कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए नगर विकास मंत्री कर रहे ये प्रयास
COVID-19 Coronavirus घर से चला रहे विभाग का काम राज्य भर के निकायों की रोज ले रहे सुध सुबह से देर रात तक कर रहे काम।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कोरोना के संक्रमण को रोकने की बड़ी जिम्मेवारी नगर विकास विभाग पर है। राज्य भर के नगर निकायों को अपने क्षेत्रों को सैनिटाइज्ड करने के लिए दवा का छिड़काव एवं साफ-सफाई करना है। लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने का जिम्मा है। लॉकडाउन के बीच नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा चक्कर मैदान स्थित अपने आवास से संक्रमण को रोकने एवं लोगों को आवश्यक सेवा उपलब्ध कराने के कार्य की कमान संभाल रहे हैं। वे घर से ही कोरोना से मुकाबले से संबंधित विभागीय काम को निष्पादित कर रहे हैं।
काम की समीक्षा
मंत्री ने कहा कि सुबह एक घंटे योग करने एवं पूजा-पाठ के बाद सारा समय इसमें लगा रहे हैं। सबसे पहले वह मोबाइल पर विभागीय अधिकारियों से चल रहे काम की समीक्षा करते हैं। नगर निगम, परिषद एवं नगर पंचायतों के मुख्य पार्षदों एवं अधिकारियों से स्थिति का जायजा लेते हैं। संसाधनों की कमी को दूर करने के लिए आदेश-निर्देश देते हैं। सूबे के साथ जिले के लिए जरूरी संसाधनों को उपलब्ध कराते हैं।
दवा की खेप मंगाई
संसाधनों की कमी नहीं हो, इसके लिए पटना नगर निगम को सभी आवश्यक सामान की खरीद का निर्देश दिया गया है ताकि वहां से अन्य निकायों को आसानी से भेजा जा सके। गोरखपुर से शहर को सैनेटाइज्ड करने के लिए दवा की खेप मंगाई है। पटना निगम को दस हजार लीटर दवा क्रय करने को कहा है। स्थानीय स्तर पर मास्क तैयार कर लोगों में वितरित करा रहे हैं। बहुत जरूरी होने पर घर आने वालों से मिलते हैं। उनकी परेशानी सुन समाधान कराते हैं। रोज पांच सौ से अधिक कॉल आ रहे हैं उनको सुनने एवं समस्या के निपटाने में सारा समय लगा रहे हैं।