समस्तीपुर में 20 फीट गहरे बोरवेल में गिरा ढाई साल का मासूम, 5 घंटे बाद निकाला सुरक्षित Samastipur News
समस्तीपुर के सरायरंजन थाना क्षेत्र के जान मोहम्मदपुर में मंगलवार की शाम 20 फीट गहरे बोरवेल एक ढाई साल का बच्चा गिर गया। 5 घंटे बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत वार्ड-10 स्थित जान मोहम्मदपुर में मंगलवार की शाम 20 फीट गहरे बोरवेल में फंसे एक ढाई वर्षीय बालक को 5 घंटे बाद सुरक्षित निकाल लिया गया। बालक को सुरक्षित निकाल कर पुलिस ने जहां राहत की सांस ली है, वहीं स्थानीय ग्रामीण इसे ईश्वर का चमत्कार मान रहे हैं। घटना के संबंध में बताया गया है कि जान मोहम्मदपुर निवासी अखिलेश राय का ढाई वर्षीय पुत्र बादल कुमार उर्फ बदलू मंगलवार को करीब 11 बजे दिन में अपने घर के पास खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया।
उसके परिजनों ने सभी संभावित जगहों पर उसकी खोजबीन की। पर गायब बालक का कोई अता-पता नहीं चल पाया। करीब 3 घंटे बाद ग्रामीणों ने उनके घर के पास पीएचइडी द्वारा खोदे गए 20 फीट गहरे बोरवेल के पास पहुंचे तो नीचे से पानी के कुछ बुलबुले ऊपर आते दिखाई दिया। इससे ग्रामीणों को कुछ आशा की किरण दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीणों ने एक रस्सी में छोटा सा पत्थर बांधकर 20 फीट नीचे गिराया, जिसे किसी के पकड़ लेने का अहसास हुआ। इसके बाद ग्रामीणों की आशंका सच लगने लगी।
उन्होंने इस घटना की जानकारी सरायरंजन पुलिस को दी। सूचना मिलते हीं सरायरंजन थाना अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दो जेसीबी के सहयोग से बोरवेल के पास 20 फीट गहरी मिट्टी की खुदाई शुरू करा दी। करीब 2 घंटे के अथक प्रयास के बाद उक्त बच्चे को सुरक्षित जिंदा निकाला गया। बच्चे के सुरक्षित निकाल लिए जाने पर उसके माता-पिता सहित पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है।