घर से चोरी गया बच्चा चौबीस घंटे में बरामद
औराई थाना क्षेत्र की नयागांव पंचायत के परसामा टोला से सोमवार की दोपहर शिवशंकर सहनी के आंगन से चोरी गया ग्यारह माह का बच्चा चौबीस घंटे के अंदर ही बरामद कर लिया गया।
मुजफ्फरपुर। औराई थाना क्षेत्र की नयागांव पंचायत के परसामा टोला से सोमवार की दोपहर शिवशंकर सहनी के आंगन से चोरी गया ग्यारह माह का बच्चा चौबीस घंटे के अंदर ही बरामद कर लिया गया। बरामदगी गांव की ही प्रियंका देवी, पति राजू सहनी के घर से हुई। आरोपी प्रियंका देवी को पुलिस पकड़कर थाने ले गई। थानेदार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर महिला को जेल भेजने की कवायद की जा रही है।
गांव की ही इंद्रा देवी, पति सत्यनारायण सहनी ने चोरी के इस मामले का खुलासा किया। घास लाने जा रही इंद्र बोली-हमरा कहलक कि राजू के कनिया के लड़िका भेलई ह, तब हम ओकरा अंगना चल गेली, आ ओकरा सास के कहलियई की लाउ लड़िका देखइछी, जब गोद में बच्चा लेली तब देखली की इ त शिवशंकर के बेटा है। तब ओकर सास कहलक कि इ लड़िक एकर बेटा न हय, इ शिवशंकर के ही बेटा हय। तब हम बच्चा के लेके मीना देवी के इहां ले अइली।
बच्चे के जन्म के बाद से प्रियंका देवी प्रतिदिन मीना के आंगन जा रही थी। इस बीच मौका देखकर वह बच्चा चुराकर ले आई।
प्रियंका देवी ने कहा कि यह बच्चा हमको राजकली देवी, पति हरिन्दर सहनी दी और कहा कि तोरा बीस हजार रुपया देबौ, पोस के हमरा दे दिहा। इधर, राजकली देवी ने कहा कि एक बजे बच्चा चोरी हुआ और बारह बजे से ही अपने घर के काम में थी।
बच्चा मिलने की खबर सुन परसामा सहित आसपास के गांवों के लोगों व महिलाओं का तांता लगा हुआ था। माता-पिता बच्चे को गोद में रखे थे। दोनों ने कहा कि अब अपना बेटा के कहियो अकेले न छोड़ब।
वार्ड सदस्य कला देवी ने कहा कि आज सुबह गांव के लोगों को बोले कि सब लोग थाना पर चलकर आवेदन दीजिए ताकि सब का घर चेक हो सके। तब गांव के कुछ लोगों ने कहा कि तुम चेकिंग कराने वाली कौन होती है। इसके बाद हम सौ महिलाओं के साथ थाना पर जा रहे थे। इतने में प्रियंका देवी के भैंसूर राजेश सहनी ने कहा कि हमरा घर में बच्चा हय, तब जाकर बच्चा मिला। थानाध्यक्ष जंगो राम ने कहा कि पुलिस और ग्रामीणों की दबिश के कारण बच्चा चौबीस घंटे के अंदर मिल गया।