नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी बोले- सृजन घोटाला के डर से नीतीश ने भाजपा के साथ बनाई सरकार
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री पर साधा निशाना। कहा-चंद वोटों के लिए भाजपा कर रही मेरे पिता के साथ अमानवीय व्यवहार।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद मोदी पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा सांप्रदायिक विद्वेष फैलाकर देश को तबाह करना चाहती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पद पर बने रहने के लोभ और सृजन घोटाले से बचने के लिए भाजपा की शरण में चले गए। वे सोमवार को मोतीपुर चीनी मिल के मैदान में राजद प्रत्याशी रघुवंश प्रसाद सिंह के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि यह चुनाव देश व आरक्षण को बचाने के लिए है। अगर इस बार चूके तो देश व संविधान संकट में पड़ जाएगा।
कहा कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह गिरिराज नहीं विषराज सिंह हैं। हम सभी को पाकिस्तान भेजने की बात करते हैं, जैसे यह देश सिर्फ उन्हीं का हो। कहा कि राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनते ही किसानों की समस्याएं तुरंत हल होंगी। युवाओं को रोजगार मिलेगा। शराबबंदी काली कमाई का जरिया बन गई है। इसका हिस्सा सीएम तक पहुंचता है। पुलिस को महुआ चुवाने वाले, ताड़ी बेचने वालों को पकडऩे पर लगा दिया गया है। मुझे बीमार पिता से नहीं मिलने दिया जा रहा है।
पिता को इलाज कराने के लिए एक कमरे से दूसरे कमरे तक में नहीं जाने दिया जा रहा है। बचपन में हमने फिल्म चाची 420 देखी थी, अभी चाचा 420 देख रहे हैं। कहा कि जनता की अदालत में तारीख नहीं मिलती, सीधे फैसला होता है। सभा की अध्यक्षता राजद के प्रखंड अध्यक्ष जावेद अहमद ने की। प्रत्याशी रघुवंश प्रसाद सिंह, विधायक नंदकुमार राय, हैदर आजाद, मनोज शर्मा, पंकज कुमार तिवारी, मनोज शाही, विरेंद चौधरी आदि ने भी सभा को संबोधित किया।
देश को तबाह करना चाहती भाजपा
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि पलटू चाचा बोले थे कि मिट्टी में मिल जाएंगे लेकिन भाजपा में नहीं जाएंगे। बावजूद इसके सृजन घोटाला में बचने के डर से पलटी मारकर भाजपा के साथ मिल गये और सरकार बना लिया। वे यहां पखनाहा में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले गंगा में नहाने से पाप भूल जाता था, लेकिन अब बीजेपी के साथ रहने पर सभी पाप धुल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा चंद वोटों के लिए और एक चुनाव जीतने के लिए उनके पिता के साथ अमानवीय व्यवहार कर रही है। उनके पिता को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सरकार टॉर्चर कर रही है ताकि उनका परिवार झुक जाए और भाजपा की अधीनता स्वीकार कर ले। लेकिन, हम झुकनेवालों में से नहीं हैं। हम जवाब देनेवालों में से हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन वाली सरकार है। एक इंजन भ्रष्टाचार का है तो दूसरा अपराध का। बिहार में विकास नहीं अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।
एक तरफ पलटू चाचा बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू किए हैं और दूसरी तरफ शराब के माफियाओं से मिलकर होम डिलीवरी करवा रहे हैं। सभा का संचालन राजद के जिलाध्यक्ष मुन्ना त्यागी ने किया। सभा को बेतिया विधायक मदन मोहन तिवारी, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष अमर यादव, राजद के प्रखंड अध्यक्ष हरिशंकर यादव, मंसूर गद्दी, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष बुन्नीलाल पासवान, राजदेव चौधरी, राजद नेता कमलेश यादव, माले नेता सुनील राव, नवीन मुखिया, शिवरतन यादव ,शत्रुध्न गुप्ता, अमरउद्दीन हवारी, ठग यादव व मदन यादव आदि लोगों ने सभा को संबोधित किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप