मधुबनी में तेजस्वी यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का लिया जायजा, बोले- बाढ़ पीडि़तों के साथ अन्याय कर रही सरकार
मधुबनी के मधेपुर के कोसी क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का तेजस्वी यादव ने लिया जायजा। राज्य सरकार को जमकर कोसा कहा- समस्याओं के निदान के लिए सरकार के पास कोई प्लान नहीं।
मधुबनी, जेएनएन। राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को मधेपुर के कोसी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। भेजा थाना के नीमा गांव तक गाडिय़ों के काफिले के संग पहुंचे और बाद में नाव से बकुआ पंचायत के राधिकापुर और बेलाही टोला में बाढ़ प्रभावित लोगों से रुबरु हुए। उन्होंने लोगों से सरकार की तरफ से अबतक मिली सहायता के बाबत जानकारी ली। सबों ने अबतक कुछ भी नहीं मिलने की बात बताई। बाढ़ पीडि़तों का कहना था कि सरकारी स्तर से अबतक नाव जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मुहैया कराई जा सका है।
कोसी क्षेत्र में समुद्र जैसा नजारा और जनता का दुख देख उन्होंने राज्य सरकार को जमकर कोसा। लोगों से मिलने के बाद वापस नीमा बांध पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि नीतीश सरकार बिहार को बर्बादी के कगार पर लाना चाहती है। हल्की बारिश में पटना डूब जाती है। यहां कोसी अपने उफान पर है। लेकिन, आमजनों का कोई सुध लेने वाला नहीं है। विधायक, सासंद व पदाधिकारी अपने में मस्त हैं और जनता पानी से त्रस्त है। सरकार कोरोना पर हाथ पहले ही खड़ी कर चुकी है। रोज लोग बेमौत मर रहे हैं। अस्पताल में व्यवस्थाओं का घोर अभाव है। इनके पास किसी भी समस्या को हल करने के लिए कोई प्लान ही नहीं है।
तेजस्वी ने कहा कि सरकार कोसी क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ अन्याय कर रही है। राजद इसे किसी शर्त पर सहन नहीं करेगा। उनके साथ राजद विधायक गुलाब यादव, फैयाज अहमद, ललित यादव, अब्दुलबारी सिद्दीकी, पूर्व विधायक राम अवतार पासवान, रामाशीष यादव, राजद जिलाध्यक्ष भारत भूषण, रेणु देवी, दिवाकर प्रसाद यादव, राज कुमार यादव,मुमताज अंसारी, महेश महतों, बिन्देश्वर मुखिया, कपलेश्वर यादव, शैलेन्द्र यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।