पश्चिम चंपारण में शिक्षक को मारी गोली, स्थिति गंभीर, पटना रेफर
घटना चनपटिया थाना क्षेत्र के चूहड़ी गांव में सोमवार की सुबह हुई, घायल शिक्षक शंकर प्रसाद चूहड़ी गांव के रहने वाले हैं।
मुजफ्फरपुर. जेएनएन। पश्चिम चंपारण में बाइक सवार बदमाशों ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को सोमवार को गोली मार दी। घटना चनपटिया थाना क्षेत्र के चूहड़ी गांव में सोमवार की सुबह हुई। घायल शिक्षक शंकर प्रसाद (58 वर्ष) है। वे चूहड़ी गांव के रहने वाले बताए गए हैं। गोली उनके फेफड़े में फंसी है। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए एमजेके अस्पताल लाया गया जहां उनकी गंभीर स्थिति देख अस्पताल के चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया है। घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की संख्या पांच बताई जा रही है। श्री प्रसाद चनपटिया प्रखंड के सिसवनिया मध्य विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत है।
वे चूहड़ी गांव में सरस्वती शिक्षा सदन में अपना निजी विद्यालय भी चलाते हैं। सोमवार की सुबह वे अपने विद्यालय सरस्वती शिक्षा विद्या मंदिर में थे। इसी दौरान बाइक से आये पांच बदमाशों ने उन्हें पीछे से गोली मार दी और फरार हो गए। शिक्षक को रंगदारी के लिए गोली मारने की बात कही जा रही है। कुछ माह पूर्व पहले शिक्षक से रंगदारी के लिए मारपीट भी की गई थी। शिक्षक के परिजनों ने चुहड़ी के विनय पाठक एवं अन्य पर गोली मारने का आरोप लगाया है। विनय हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया है।