'एक भारत श्रेष्ठ भारत' प्रतियोगिता के लिए तथागत चयनित Muzaffarpur News
केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ झपहां में 8वीं कक्षा का है छात्र। पटना केंद्रीय विद्यालय में 16 व 17 सितंबर को प्रतियोगिता में क्लासिक म्यूजिक की धुन पर मोह लिया था सबका मन।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। प्रतिभा किसी उम्र की मोहताज नहीं होती। इसे सच कर दिखाया है केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ झपहां में 8वीं कक्षा के छात्र 13 वर्षीय तथागत कुमार ने। केंद्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित राष्ट्रीय एकता पर्व की संभागीय प्रतियोगिता 'एक भारत श्रेष्ठ भारतÓ में एकल वाद्ययंत्र में उसने अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। इस प्रतियोगिता में 1200 से अधिक केंद्रीय विद्यालय संगठन से चयनित होने वाले छात्र-छात्राएं भाग लेंगी।
पटना कंकड़बाग केंद्रीय विद्यालय में 16 व 17 सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता में राग, फिल्मी गाने, क्लासिक म्यूजिक की धुन पर उसने सभी का मन मोह लिया था। उसकी जितनी पकड़ वाद्ययंत्र पर है, उतना अच्छा गायन भी है। पटना के डीएम कुमार रवि ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया था। इसमें पटना संभाग के पांच संकुल के 51 विद्यालयों से चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया था। उसे प्रथम स्थान मिला था।
चौथी कक्षा से ले रहे संगीत की शिक्षा
तथागत कुमार शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक आरके प्रसाद के पुत्र हैं। माता मिक्की प्रसाद गृहिणी हैं। शिक्षक सुनील कुमार व सुमन कुमार के निर्देशन में चौथी कक्षा से संगीत की शिक्षा ले रहे हैं। पिता बेटे की कामयाबी पर काफी खुश हैं और गुरुजन भी उसकी सराहना कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाना चाहता पहचान
केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य केएन त्रिवेदी ने तथागत को प्रतियोगिता के लिए चुने जाने पर हर्ष जताया। बताया कि 12 व 13 सितंबर को संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में उसने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना चाहता है। उसकी संगीत में जितनी रुचि है उतनी ही इच्छा समाजसेवा की भी है। इससे वह प्रशासनिक सेवा में जाना चाहता है। तथागत का कहना है कि संगीत प्रशासनिक सेवा में होने वाले तनाव से राहत दिलाने का एक अचूक अस्त्र हो सकता है।