'अब जमीन देने वालों के नाम पर पंचायत में खुलेगा स्कूल'
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि सरकार चाहती है कि हर पंचायत में एक हाई स्कूल हो जाए। अगर भूमि दाता सामने आएंगे तो उनके नाम से हाई स्कूल खोल दिया जाएगा।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा है कि एनडीए सरकार विकास की सरकार है। विकास की गति को तेज की जाएगा। सरकार चाहती है कि हर पंचायत में एक हाई स्कूल हो जाए। लेकिन, इसके लिए लोगों को जमीन देने की जरूरत होगी। अगर भूमि दाता सामने आएंगे तो उनके नाम से हाई स्कूल खोल दिया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री मोदी बुधवार को पूर्व प्रमुख स्वर्गीय अर्जुन राय की प्रतिमा के अनावरण समारोह में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विकास योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। इसके साथ ही बिहार में पूर्ण शराबबंदी को ऐतिहासिक कदम बताते हुए चेतावनी दी कि जिस थाना में शराब बिकेगी वहां के थानेदार जिम्मेवार होंगे।
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पहले पटना से आने में मुजफ्फरपुर 6 घंटे लगते थे। लेकिन, वह दिन बदल गया। अब पटना राजधानी से बिहार के किसी भी जिला मुख्यालय तक पहुंचने में 3 से 5 घंटे लग रहे हैं। आने वाले दिनों में गांधी सेतु की तरह आधा दर्जन पुल का निर्माण गंगा नदी पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार साथ-साथ विकास कर रहे हैं।