बिहार में दबंगों की घिनौनी करतूत, कॉलेज जाने पर लड़की को निर्वस्त्र कर पीटा
बिहार के दरभंगा के एक गांव में दबंगों की शर्मसार कर देने वाली घिनौनी करतूत सामने आई है। उन्होंने कॉलेज जाने पर लड़की को सरेआम निर्वस्त्र कर पीटा।
दरभंगा [जेएनएन]। छेड़खानी का विरोध करने पर शोहदों ने साजिश रची। उन्होंने लड़की के कॉलेज जाने को गांव की इज्जत से खिलवाड़ बताकर ग्रामीणों को भड़काया। फिर, दबंगों की पंचायत बैठी और शर्मसार कर देने वाला फैसला हुआ। इसके अनुसार दबंगों ने लड़की को सरेआरम निर्वस्त्र कर पिटाई कर दी। घटना दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
बीए पार्ट-टू की एक छात्रा को उसके ही समाज के लोगों ने पहले कॉलेज जाने से मना किया। जब उसने कॉलेज जाना जारी रखा तो नाराज दर्जनभर लोगों ने उसके कपड़े उतारकर पिटाई की। बचाने पहुंचे उसके पिता को भी दबंगों ने नहीं बख्शा। उन्हें भी मारपीट कर जख्मी कर दिया। पीडि़ता ने जब इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। आगे, एसएसपी सत्यवीर सिंह की पहल पर घटना की एफआइआर दर्ज कर ली गई है।
एफआइआर के अनुसार छात्रा ने आरोप लगाया है कि अशोक राम, राधेश्याम राम और मनोज राम बार-बार उससे छेडख़ानी करते थे। जब उसने इसका विरोध किया तो इनलोगों ने समाज के लोगों को बहका कर उसे कॉलेज जाने से रोकने की कोशिश की। कॉलेज जाने पर अंजाम भुगतने की धमकी देने लगे। इसकी परवाह किए बगैर जब कॉलेज गई तो नाराज दबंगों ने वारदात को अंजाम दिया।
पीडि़ता के अनुसार उसे सरेआम पकड़कर कपड़े उतारकर पीटा गया। इस दौरान वह छोड़ देने की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। बचाने आए उसके पिता को भी पीटा गया। बुधवार को हुई घटना के बाद जब वह स्थानीय थाना गई, तो उसने मामला दर्ज करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद वह गुरुवार को एसएसपी से मिलकर घटना की जानकारी दी तो अशोक राम, राधेश्याम राम, मनोज राम, मनीष राम, दीपक राम, राजन राम सहित 13 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई।