मुजफ्फरपुर में रास्ता रोकने पर लोगों ने किया हंगामा
रास्ता रोकने का विरोध करने पर एक दबंग ने महिला से हाथापाई भी की, मिट्टी हटाने की कोशिश करने पर दबंगों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के रामदयालू भिखनपुरा में दबंगों ने मोहल्लेवासियों का रास्ता रोक दिया। मोहल्ले से बाहर जाने वाले रास्ते पर मिट्टी का ढ़ेर लगाकर रास्ता बंद कर दिया। इसे लेकर शुक्रवार की सुबह लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। रास्ता रोकने का विरोध करने पर एक दबंग ने महिला से हाथापाई भी की। मिट्टी हटाने की कोशिश करने पर दबंगों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसे लेकर दोनों पक्षों में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को मौके पर भेजा।
पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्ष को समझाकर शांत कराया गया। पूछताछ में एक पक्ष के लोगों ने इसे निजी जमीन बताया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि यह मोहल्ले में आने-जाने का एकमात्र रास्ता है। इसे रोकने से उनलोगों को परेशानी होगी। पुलिस के समक्ष ही दोनों पक्ष विवाद करने लगे। पुलिस पदाधिकारी ने सभी को समझाकर वहां से हटाया। इलाके के कुछ बुद्धिजीवियों को बुलाया गया। दोनों पक्ष के लोगों के साथ बैठक कर मामले को सुलझाने की कवायद की जा रही है।
दोनों पक्ष से जमीन के कागजात मांगे गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। कानून संगत कार्रवाई की जा रही है। विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब तक किसी पक्ष की तरफ से आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस अपने स्तर से मामले का निपटारा कर रही है। एहतियातन इलाके में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है।