पश्चिम चंपारण में शराब के नशे में स्टेशन मास्टर गिरफ्तार, कर रहा था हंगामा Westchamparan News
पश्चिम चंपारण में नरकटियागंज रेल पुलिस ने की कार्रवाई। चमुआ रेलवे स्टेशन पर शराब की नशे में हंगामा करते स्टेशन मास्टर को गिरफ्तार किया गया है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। नरकटियागंज-गोरखपुर रेलखंड के चमुआ रेलवे स्टेशन पर शराब की नशे में हंगामा करते स्टेशन मास्टर को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार स्टेशन मास्टर वरुण कुमार सिंह चमुआ रेलवे स्टेशन पर ही तैनात थे। रेल पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर जांच कराई तो स्टेशन मास्टर के अल्कोहल लेने की पुष्टि हुई।
बताया जाता है कि वे अधिक नशे में होने के कारण रेल कर्मियों से उलझ गये थे। इसकी जानकारी मिलते ही रेल पुलिस चमुआ पहुंची। नशे में स्टेशन मास्टर को गिरफ्तार कर लिया । रेल थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि रात में चमुआ स्टेशन अधीक्षक ने फोन करके बताया कि स्टेशन मास्टर वरुण कुमार नशे में धुत होकर हंगामा कर रहा है। जिसकी वजह से स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर रेल थानाध्यक्ष पुलिसकर्मियों के साथ वहां पहुंचे और स्टेशन मास्टर को गिरफ्तार कर लिया गया।