अत्याधुनिक किचन से स्कूली बच्चों को मिलेगा स्वाटिष्ट भोजन
काफी प्रतीक्षा के बाद कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को अत्याधुनिक किचन का स्वाटिष्ट भोजन मिलेगा। नव प्रयास द्वारा बीएमपी छह के पास मिड-डे मील के लिए किचन खोला गया है।
मुजफ्फरपुर। काफी प्रतीक्षा के बाद कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को अत्याधुनिक किचन का स्वाटिष्ट भोजन मिलेगा। नव प्रयास द्वारा बीएमपी छह के पास मिड-डे मील के लिए किचन खोला गया है। इससे शहर व सटे आसपास के चार प्रखंड मुशहरी, कांटी, कुढ़नी, मड़वन इलाकों में स्कूली बच्चों को एक अक्टूबर से मध्याह्न भोजन की आपूर्ति होने लगेगी। मेन्यू के हिसाब से खाना परोसा जाएगा। अत्याधुनिक किचन बनाने में 40 लाख रुपये का खर्च आया है। पहले फेज में 246 विद्यालयों की जिम्मादारी दी गई है। नव प्रयास के प्रोपराइटर अखिलेश मिश्र ने बताया कि 122 प्राइमरी व 124 मिडिल स्कूलों की जिम्मेदारी दी गई है। एक अक्टूबर से मध्याह्न भोजन चालू करने का आदेश है। अगर बारिश ज्यादा होती रही तो इसका समय बढ़ा दिया जाएगा। अत्याधुनिक किचन में हजारों बच्चों का खाना एक साथ बनेगा। उन्होंने कहा कि चार साल पहले किचन की स्थापना की गई थी। लेकिन, सरकारी आदेश नहीं मिलने के बाद हाईकोर्ट चले गए। ऑर्डर आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश पर इसे चालू किया गया है। शिक्षा विभाग के पास मॉनीटरिंग का पूरा अधिकार रहेगा।
बता दें कि राज्य के सभी सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को स्कूल में मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इसमें अनाज की व्यवस्था, भोजन पकाने व परोसने तक की जिम्मेदारी स्कूल के शिक्षकों को उठानी पड़ती थी। पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना चुनौती बना रहता है।
ये होगा मेन्यू
सोमवार- चावल, मिश्रित दाल, हरी सब्जी
मंगलवार- जीरा चावल, सोयाबीन, आलू की सब्जी
बुधवार-खिचड़ी (हरी सब्जी युक्त) चोखा, केला, मौसमी फल
गुरुवार-चावल, मिश्रित दाल, ,हरी सब्जी
शुक्रवार-पुलाव, काबुली चना, लाल चना का छोला, हरा सलाद, एक संपूर्ण अंडा, मौसमी फल अमरूद छोड़कर
शनिवार - खिचड़ी (हरी सब्जी युक्त) चोखा, केला, मौसमी फल।