फाल्गुनियो महोत्सव: श्याम रंग की मस्ती में डूबे लोग, खूब हुई फूलों की बारिश Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर में रंगीलो फाल्गुनियो महोत्सव का तीसरा दिन मां बगलामुखी मंदिर पहुंची श्रीश्याम जन जागरण प्रभातफेरी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। 'होली आई होली आई होली...मस्ती लाईÓ गीत गाते, मगन हो झूमते हुए श्याम भक्त आगे बढ़ रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो उन पर अभी से ही होली का रंग चढ़ गया हो। श्याम रंग की मस्ती में डूबे उन दीवानों की टोली जिधर से गुजरती, लोग अपने-अपने घर की छतों से फूलों की बारिश कर रहे थे। रंगीलो फाल्गुनियो महोत्सव को लेकर तीसरे दिन गुरुवार को सूतापट्टी स्थित श्री श्याम मंदिर से निकली श्रीश्याम जनजागरण प्रभातफेरी विभिन्न मार्गों से होते हुए कच्ची सराय रोड स्थित मां बगलामुखी मंदिर पहुंची।
वहां 'जय माता दीÓ के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा। भक्तों ने मां के दर्शन भी किए। मंदिर प्रबंधन की ओर से श्याम भक्तों का भव्य स्वागत किया गया। फूलों की होली खेली गई। इसके पहले प्रभातफेरी श्रीश्याम मंदिर से चलकर बंका विवाह भवन, सूतापट्टी, शीतला गली, कैलाशपुरी, जवाहर लाल रोड, कल्याणी, साहू रोड व पुरानी गुदरी रोड होते हुए मां बगलामुखी मंदिर पहुंची।
वहां से अमर सिनेमा रोड, चाचान गली, छोटी कल्याणी, कल्याणी चौक, जवाहरलाल रोड होते हुए मंदिर वापस लौटी। इस बीच लाल व केसरिया निशान लिए श्याम भजन गाते भक्तों की टोली जिधर से गुजरती, देखने के लिए लोग घरों से बाहर निकल पड़ते। कई लोग उनके साथ हो लिए। यात्रा की शुरुआत पंडित संतोष झा ने भक्तों को तिलक लगाकर, आचार्य आशुतोष ने शंखनाद और अमर ने मंगल वंदना के साथ की। इस दौरान भजन मंडली का नेतृत्व सोहन भाई अग्रवाल व संजय मारोदिया कर रहे थे। प्रभातफेरी में नवीन चाचान, नवीन सरावगी, हिमांशी अग्रवाल, चीकू नाथानी, मनीष सिस्का, चंदा देवी, आयुष कुमार, पूजा शर्मा, आलोक शर्मा, हरिओम गुप्ता, जगदीश बंका आदि थे।
शुक्रवार को इन मार्गों से गुजरेगी प्रभातफेरी
सूतापट्टी स्थित श्री श्याम मंदिर से सालासर हनुमान मंदिर व बैंक रोड होते हुए संतोषी माता मंदिर। फिर वहां से मोतीझील ओवरब्रिज, पांडेय गली मोहनपुरी, हमदर्द गली, श्याम सिनेमा, नगर थाना, तिलक मैदान, बंगाली गली आदि मार्गों से होते हुए मंदिर वापस।