विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SKMCH से गायब नवजात का नहीं मिला सुराग, एक साल बाद भी जांच फाइलों में कैद

Published: Sat, 01 Aug 2026 06:30 PM (IST)

Bihar Police Probe: मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच से एक साल पहले कथित रूप से गायब हुए नवजात का अब तक कोई ...और पढ़ें

पीड़ित परिवार अब भी न्याय और अपने बेटे की तलाश में भटक रहा है। फाइल फोटो

पीड़ित परिवार अब भी न्याय और अपने बेटे की तलाश में भटक रहा है। फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur SKMCH Case: एसकेएमसीएच के मातृ एवं शिशु विभाग (एमसीएच) से कथित रूप से गायब हुए नवजात के मामले में एक साल बीत जाने के बाद भी जांच किसी नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।

पुलिस ने कई स्तर पर पड़ताल की, लेकिन अब तक न तो नवजात का सुराग मिला और न ही डीएनए जांच पूरी हो सकी। ऐसे में पीड़ित परिवार अब भी न्याय और अपने बेटे की तलाश में भटक रहा है।

मामला पिछले वर्ष का है, जब अहियापुर के विजयी छपरा निवासी अजीत कुमार और उनकी पत्नी चंचला कुमारी ने एसकेएमसीएच के एमसीएच में बच्चे को जन्म दिया था।

परिजनों का दावा है कि अस्पताल के बेड हेड टिकट और स्वास्थ्यकर्मियों ने बेटे के जन्म की जानकारी दी थी। हालांकि डिस्चार्ज के समय उन्हें बेटी सौंप दी गई, जिसके बाद परिवार ने अस्पताल में हंगामा किया और मामले की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। तत्कालीन नगर डीएसपी स्तर के अधिकारी की निगरानी में अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और उस दिन प्रसव कराने वाली महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम ने कई स्थानों पर भौतिक सत्यापन भी किया, लेकिन जांच से कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।

जांच के दौरान पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने डीएनए परीक्षण कराने की प्रक्रिया भी शुरू की। इसके तहत चंचला कुमारी और उन्हें सौंपी गई बच्ची के नमूने लिए जाने की बात कही गई थी।

साथ ही उस दिन जन्मे अन्य संदिग्ध नवजातों के अभिभावकों का भी डीएनए मिलान कराने की योजना बनाई गई, लेकिन अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।

एक साल बीत जाने के बावजूद परिवार अपने बेटे की तलाश में लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। दूसरी ओर जांच आगे नहीं बढ़ने से मामले को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें अब भी न्याय और सच्चाई सामने आने का इंतजार है।

एसकेएमसीएच ओपी अध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि उन्हें हाल ही में इस मामले की जांच का प्रभार मिला है। उन्होंने कहा कि अब तक हुई जांच के सभी बिंदुओं की समीक्षा की जा रही है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।