मुजफ्फरपुर के SKMCH में प्रसूता की मौत के बाद एसकेएमसीएच में हंगामा, मायके-ससुरालवालों में मारपीट की नौबत
मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में एक प्रसूता की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

एसकेएमसीएच के एमसीएच में प्रसूता के मौत के बाद हंगामा के दौरान जुटी भीड़। जागरण
HighLights
एसकेएमसीएच में प्रसूता की इलाज के दौरान मौत हुई।
परिजनों ने चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में हंगामा किया।
मायके व ससुराल पक्ष में हुई मारपीट, बिना पोस्टमार्टम शव ले गए।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। एसकेएमसीएच के मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (एमसीएच) वार्ड में इलाज के दौरान प्रसूता की मौत हो गई। स्वजन ने चिकित्सीय इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया।
स्थिति तब और बिगड़ गई जब अस्पताल परिसर में ही मृतका के मायके व ससुराल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
इसके बाद दोनों पक्ष बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर चले गए। मृत महिला वासुदेव विशनपुर की अंशु कुमारी (25) थी। वर्तमान में सिकंदरपुर स्थित ससुराल में रह रही थीं।
बहन संगीता देवी ने आरोप लगाया कि प्रसव के बाद अंशु के ससुरालवाले उसे नारियल पानी पिला दिया। इसके बाद उसकी स्थिति बिगड़ने लगी। कई बार चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ को मामले की जानकारी दी, लेकिन नहीं सुना। इससे उसकी जान चली गई।
बताया कि अंशु को ससुराल के लोग मेंटली टार्चर करते थे। उसके साथ मारपीट भी करते थे। हंगामे पर सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाला। आननफानन ट्राली कर्मी की मदद से शव को वार्ड से बाहर निकाला।
पहले से परिसर में मृतका के मायके व ससुराल के लोग जुटे थे। दोनों पक्ष आपस में उलझ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच झड़प व मारपीट की नौबत आ गई।
माहौल बिगड़ता देख सुरक्षाकर्मियों ने एसकेएमसीएच ओपी पुलिस को सूचना दी। एएसआइ दीपक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और आक्रोशित स्वजन को समझाकर शांत कराया।
आवेदन देने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। काफी मान-मनौव्वल के बाद दोनों पक्ष शांत हुए और पुलिसिया कार्रवाई व पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को लेकर अस्पताल से चले गए।
