विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेट दर्द से तड़पती रही पत्नी, भले-चंगे पति को कागजों में कर दिया भर्ती; SKMCH मुजफ्फरपुर का नया कारनामा

Published: Sun, 25 Oct 2026 11:11 PM (IST)Updated: Sun, 25 Oct 2026 11:15 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां पेट दर्द से पीड़ित महिला मरीज की जगह उसके स्वस्थ पति को कागजों में भर्ती कर लिया गया।

SKMCH मुजफ्फरपुर। (फाइल फोटो)

SKMCH मुजफ्फरपुर। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एसकेएमसीएच में मरीज की जगह पति का पंजीकरण।

  2. बेटी की शिकायत पर सामने आई अस्पताल की चूक।

  3. महिला मरीज का दोबारा पंजीकरण कर इलाज शुरू।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के सिस्टम ने रविवार को अजब खेल किया। अस्पताल में पेट दर्द से मरीज तड़पती रही, उसकी जगह उसके भले-चंगे पति का पर्ची काट भर्ती कर दिया गया।

मरीज कौशल्या देवी की तबीयत जब अधिक बिगड़ गई तो बेटी संगीता देवी ने कंट्रोल रूम में शिकायत की। इसके बाद पूरा मामला सामने आया।

हेल्थ मैनेजर ने बेड हेड टिकट (बीएचटी) खंगाला तो महिला मरीज का नाम का नहीं मिला। उसके बदले पति के नाम का बीएचटी मिला।

इसके बाद चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ में खलबली मच गई। टिकट पर मरीज की जगह सिर्फ उसके पति का नाम था। गर्दन फंसती देख अस्पताल प्रशासन ने आननफानन में कौशल्या देवी का दोबारा नया रजिस्ट्रेशन कराया। अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

बताया गया कि कौशल्या देवी मोतीपुर थाना क्षेत्र के पनसलवा गांव के रहने वाले जमादार साह की पत्नी हैं। उन्हें पेट में तेज दर्द की शिकायत लेकर स्वजन एसकेएमसीएच पहुंचे थे।

यहां रजिस्ट्रेशन के दौरान डाटा ऑपरेटर ने नाम-पता पूछा। बीमार मरीज के बदले उसके पति के नाम की ही पर्ची काट दी। इसके बाद वह चिकित्सक कक्ष में कौशल्या देवी का इलाज कराने गए।

मेडिसिन विभाग में डॉ. आरोही कुमार की यूनिट में सीनियर रेजिडेंट में डॉ. प्रेरणा व जूनियर रेजिडेंट डॉ. राजकरण की डयूटी थी।

यहां कौशल्या के बदले पति जमादार साह को ही कागज पर भर्ती कर दिया। कागजी औपचारिकता पूरी करने व वार्ड अलाट करने में चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी भी चूक कर गए।

पुर्जा पर पति को इनडोर वार्ड में शिफ्ट किया गया। कागजात जब नर्सिंग स्टाफ के पास पहुंचा तो वह भी मरीज को परखने या जांचने की जहमत नहीं उठाई। संयोग रहा कि अंत में इलाज कौशल्या देवी का ही हुआ।

पैर के बदले हो गया था पेट का ऑपरेशन

एसकेएमसीएच में वर्ष 2011 में पैर के जगह पेट का आपरेशन सुर्खियों में रहा था। मीनापुर प्रखंड के बहबल बाजार निवासी शिवनारायण प्रसाद की पत्नी सुशीला देवी पैर झुलसने के बाद पांच सितंबर 2011 को भर्ती हुई थीं।

10 सितंबर 2011 को चिकित्सक ने उनके पैर की जगह पित्त की थैली (पेट) का आपरेशन कर दिया था। बाद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लापरवाह चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ पर कार्रवाई तो हुई, लेकिन व्यवस्था का खमियाजा मरीज को भुगतना पड़ा था।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर समेत बिहार के 28 जिलों में 85% से कम मिड डे मील का संचालन, डीपीओ और डीपीएम से स्पष्टीकरण

मामले की शिकायत नहीं मिली है। संज्ञान में मामला आने के बाद कंट्रोल रूम के मैनेजर से जानकारी ली गई है। मरीज का बेड हेड टिकट सुधार कराने के बारे में बताया गया है। इसके बाद भी किस स्तर पर चूक हुई पड़ताल की जा रही है। जो दोषी होंगे, उनपर कार्रवाई की जाएगी।

-

डॉ. महेश प्रसाद, अधीक्षक, एसकेएमसीएच