‘डॉक्टर को बुलाइए’... नर्स ने फटकारा, मरीज की मौत के बाद SKMCH के नवनिर्मित ICU में हंगामा
मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में नवनिर्मित आईसीयू और एमसीएच में मरीजों की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
-1789292148915_m.webp)
एसकेएमसीएच में मरीज की मौत के बाद जमकर हुआ हंगामा।
HighLights
एसकेएमसीएच में मरीज की मौत पर परिजनों का हंगामा।
डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप।
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर । एसकेएमसीएच में शनिवार की देर रात के नवनिर्मित आईसीयू और एमसीएच में एक-एक मरीज की मौत के बाद स्वजन आक्रोशित हो गए और जमकर हंगामा किया। हंगामा के दौरान अफरातफरी मची रही।
स्वजन चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। स्वजन ने शव के समक्ष विलाप करके आरोप लगाया कि मरीज के इलाज में घोर लापरवाही बरती गई और समय पर कोई चिकित्सक वार्ड में मौजूद नहीं था।
दोनों जगहों पर दो घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पहुंची एसकेएमसीएच ओपी पुलिस ने कार्रवाई का ठोस आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। बताया जा रहा है कि अहियापुर थाना इलाके के बखरी गांव के प्रमोद सिंह का 27 वर्षीय पुत्र राजेश रौशन सांस रोग से ग्रसित होकर एसकेएमसीएच पहुंचा था।
चिकित्सक उसे आईसीयू में भर्ती किए। मृतक के स्वजनों ने बताया कि अचानक मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक की काफी खोजबीन की, लेकिन वे अपने केबिन या वार्ड में मौजूद नहीं थे।
आरोप है कि जब स्वजन ने इस बात की शिकायत वहां तैनात नर्स से की, तो उसने चिकित्सक को बुलाने के बजाय स्वजन को ही फटकार लगाकर भगा दिया। इसके कुछ ही समय बाद उचित इलाज न मिलने के कारण मरीज ने दम तोड़ दिया।
स्वजन का आरोप है कि जब मरीज की मौत हो गई, तब जाकर चिकित्सक आईसीयू में पहुंचे। जब बदहवास स्वजन ने उनसे देरी से आने का कारण पूछा, तो चिकित्सक संवेदनशीलता भूल गए और उग्र हो गए।
स्वजन ने बताया कि चिकित्सक ने तीखे लहजे में कहा, हम सिर्फ इलाज कर सकते हैं, मरीज को पकड़ कर थोड़े ही बैठे रहेंगे। ज्यादा बोलोगे तो हास्टल से लड़कों को बुलाकर गर्मी शांत कर देंगे। जिसके बाद गुस्सा भड़क गया और वे कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए। उधर, एमसीएच में लापरवाही से आक्रोशित स्वजन शव छोड़कर निकल गय।
पुलिस और हेल्थ मैनेजर ने कराया शांत
हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षा गार्ड और हेल्थ मैनेजर सचिन चंचल मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन स्वजन आरोपी चिकित्सक पर तुरंत कार्रवाई करने और उन्हें मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े रहे।
स्थिति बिगड़ती देख एसकेएमसीएच ओपी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और लिखित शिकायत के आधार पर उचित कानूनी व विभागीय कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद ही परिजन शांत हुए।
हेल्थ मैनेजर सचिन चंचल ने बताया कि मरीज को अत्यंत गंभीर स्थिति में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सक द्वारा उसका इलाज किया जा रहा था, लेकिन गंभीर स्थिति होने के कारण उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद स्वजन भावुक होकर उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। एमसीएच में स्वजन को बुलाकर शव हैंडओवर कर दिया गया है। गौरतलब हो कि अभी बीते 3 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री निशांत द्वारा इस नवनिर्मित आईसीयू का भव्य उद्घाटन किया गया था।
शुक्रवार को ही अस्पताल के अधीक्षक डा. महेश प्रसाद ने इस वार्ड का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें चिकित्सक अपनी ड्यूटी स्थल से गायब पाए गए थे। इस निरीक्षण के ठीक अगले ही दिन चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण मरीज की जान जाने का यह गंभीर मामला सामने आ गया है।
