भूमि विवाद में वृद्ध की गोली मार कर हत्या, सोते समय वारदात को दिया गया अंजाम
जिले के सदर थाने के गढ़िया गांव में हुई घटना। सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया।
दरभंगा, जेएनएन। जिले के सदर थाने के गढ़िया गांव में मंगलवार की रात दालान पर सोते समय दिव्यांग गनौर पासवान (65) की गोली मार हत्या कर दी गई। सुबह में देर तक गनौर जब नहीं जगे तो परिजनों को आशंका हुई। जाकर देखा तो बिछावन पर खून से लथपथ शव पड़ा था। हत्या के पीछे भूमि विवाद की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर सदर थानाध्यक्ष शशिकांत सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा। मौके पर सअनि शक्ति सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल कैंप कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कबीरचक पंचायत की गढ़िया निवासी गनौर रात में परिजनों संग खाना खाकर दालान पर सोने चला गया। घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर दालान है। साथ में पत्नी मुनिया देवी भी सोयी थी। मुनिया मंदबुद्धि बताई जाती है। रात में करीब ढाई बजे मुनिया को हलचल का अहसास हुआ। आशंका है कि अपराधियों ने उसी वक्त गनौर को गोली मारी होगी। हालांकि पति की मौत से अनजान पत्नी सुबह तक उसी बिछावन पर सोयी रही।
सुबह जगाने पहुंचे परिजनों ने जब रक्तरंजित शव को देखा तो उनके होश उड़ गए। गनौर को चार पुत्र समेत भरा-पूरा परिवार है। एक पुत्र पवन पासवान वार्ड आठ का सदस्य है। परिजनों ने अब तक पुलिस को बयान दर्ज नहीं कराया है। बताते हैं कि बचपन में ही बिजली का करंट लगने से गनौर का बायां हाथ कट गया था। घटना के बाद पीडि़त के घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप