सीतामढ़ी में जिला पार्षद पति की हत्या पर प्रशासन सख्त, दोषियों के साथ लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी होगी कार्रवाई
प्रमंडलीय आयुक्त और डीआईजी ने सीतामढ़ी के केथरिया में जिला पार्षद पति बैद्यनाथ महतो हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात ...और पढ़ें

सीतामढ़ी में हत्याकांड के बाद गांव में पहुंचे आयुक्त और डीआईजी। पीआरडी
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । सीतामढ़ी जिले के केथरिया के जिला पार्षद पति बैद्यनाथ महतो की हत्याकांड की गंभीरता से जांच होगी और जो दोषी होंगे उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उक्त बातें रविवार को मृतक के गांव में पहुंचे प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने कही। उनके साथ डीआइजी चंदन कुमार कुशवाहा भी थे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की।
इस दौरान जिलाधिकारी सीतामढ़ी तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक अमित रंजन भी मौजूद रहे। प्रमंडलीय आयुक्त ने मृतक की पत्नी, परिवार के अन्य सदस्यों एवं बच्चों से मुलाकात कर घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि बैद्यनाथ महतो की हत्या की घटना अत्यंत दुखद एवं गंभीर है। यह एक अपूरणीय क्षति है। प्रशासन इस पूरे मामले को पूरी गंभीरता से ले रहा है।
घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित की जा रही है तथा जांच में जिनकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि घटना के संदर्भ में तत्कालीन थानाध्यक्ष एवं जांच अधिकारी की भूमिका की भी जांच कराई जाए। जांच में यदि किसी पदाधिकारी अथवा अन्य व्यक्ति की लापरवाही, कर्तव्य में शिथिलता अथवा घटना से किसी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
परिवार को उपलब्ध कराई जाएगी सुरक्षा
परिवार की सुरक्षा के संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से मृतक की पत्नी जिला पार्षद खुशदिल देवी को बाडीगार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। अगले आदेश तक केथरिया गांव में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती बनाए रखी जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रहे और ग्रामीणों में विश्वास का वातावरण कायम रहे।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से नियमानुसार देय सभी सहायता एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। जिला प्रशासन को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देशित किया कि क्षेत्र में शराब के अवैध आवागमन एवं उससे जुड़े तत्वों की गतिविधियों की गहन समीक्षा करने तथा इसमें संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई करने को कहा।
संपत्ति का पता लगाकर कुर्की जब्ती की होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्ति के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिलाधिकारी को इस क्षेत्र में आवश्यकतानुसार चेकपोस्ट का निर्माण कराने एवं सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को सीमा क्षेत्र के सभी थानों में थानाध्यक्षों के कार्यकलापों की गहन समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य में लापरवाही अथवा शिथिलता बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। मौके पर विधायक रामेश्वर महतो, पूर्व विधान परिषद सदस्य सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
