चोरी की सूचना पर बोले थानेदार- खुद रहे सतर्क, ठंड में यह बड़ी बात नहीं, जानिए मामला... WestChamparan News
पश्चिम चंपारण के खरपोखरा की घटना। तीन दुकानों से हुई हजारों की चोरी। पुलिस सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंची। फोन से सूचना देने पर बोले- ठंड में चोरी कोई बड़ी बात नहीं।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। चोरी की सूचना देने पर बगहा नगर थाने के थानेदार ने त्वरित कार्रवाई के बदले गैरजिम्मेदाराना जवाब दिया। कहा कि ठंड में चोरी की घटना बड़ी बात नहीं है, खुद सतर्क रहिए। तभी इस पर रोक लगेगी। हालांकि, नगर थानाध्यक्ष ने इससे इन्कार किया। लेकिन, इसकी चर्चा गर्म है।
बताया गया कि पुलिस की नियमित गश्ती के दावे के बीच रविवार रात खरपोखरा स्टेशन के पास तीन दुकानों में हजारों की संपत्ति की चोरी हो गई। पीडि़तों ने सोमवार सुबह 8.52 बजे नगर थाने में मोबाइल नंबर 9431822421 पर सूचना दी। जहां से खुद सतर्क रहने की बात कहकर फोन काट दिया गया। जिस नंबर से जवाब मिला, वह नगर थानाध्यक्ष का है। हद तो यह कि घटना के एक दिन बाद भी पुलिस स्थल पर नहीं पहुंची। पीडि़त किराना दुकानदार मेवालाल साह ने कहा कि रविवार शाम 6.30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए। सोमवार सुबह पहुंचे तो देखा कि छप्पर तोड़ा गया था। दो हजार रुपये नकदी समेत हजारों के सामान गायब थे। जब फोन से पुलिस को सूचना दी तो कहा -ठंड में चोरी कोई बड़ी बात नहीं है।
इस बारे में बगहा (प. चंपारण) नगर थानाध्यक्ष भगत लाल मंडल ने कहा कि आरोप निराधार है। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।