मुजफ्फरपुर में दो फाइनेंस कंपनियों की शाखा में सुरक्षा व्यवस्था मानक के अनुरूप नहीं, दफ्तर बंद, मिलीं ये कमियां
भगवानपुर और गोबरसही स्थित इन शाखाओं में हथियारबंद गार्ड नदारद जीपीएस भी एक्टिवेट नहीं। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर सदर थानाध्यक्ष ने उठाया कदम।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सुरक्षा के मानकों पर खरा नहीं उतरने पर पुलिस ने शहर में दो फाइनेंस कंपनी के दफ्तरों को बंद करा दिया है। भगवानपुर चौक और गोबरसही स्थित फाइनेंस कंपनी के दफ्तरों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच सदर पुलिस ने की। इस दौरान कई स्तरों पर कमी मिली।
हथियारबंद गार्ड नहीं
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार झा ने मानकों के उल्लंघन को लेकर दफ्तर बंद करा दिया। बताया उक्त दफ्तरों में हथियारबंद गार्ड नहीं थे। जीपीएस एक्टिवेट नहीं था, फ्लेक्सिबल गेट नहीं लगाया गया था। दफ्तर खोलने और बंद करने का समय भी सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था।
देर तक चलता काम
पूर्व में पुलिस द्वारा इन सभी को सुबह 10:30 बजे दफ्तर खोलने और तीन बजे तक काम करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन, जांच में पाया गया कि सुबह नौ बजे से दफ्तर खोलकर काम शुरू कर दिया जाता है और शाम छह बजे तक काम चलता है। थानाध्यक्ष ने कहा कि जब तक उक्त दोनों दफ्तर सुरक्षा के मानक पर खरा नहीं उतरते इसे नहीं खोला जा सकता।
नहीं हो रहे सतर्क
हाल के दिनों में अपराधियों द्वारा लगातार निजी फाइनेंस कंपनी के दफ्तर और बैंकों को निशाना बनाया जा रहा है। बावजूद इसके इन संस्थानों का प्रबंधन सतर्क नहीं है। मुथूट फाइनेंस कंपनी के दफ्तर से दस करोड़ का सोना लूटा जा चुका है। इसके बाद भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।