यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा से की थी राजनीतिक पारी की शुरुआत, अब नीतीश सरकार में मंत्री बने संजय झा
संजय झा ने राजनीतिक जीवन की शुरूआत भाजपा से की थी। बाद में ये जदयू से जुड़े। वर्तमान में ये ...और पढ़ें

दरभंगा, जेएनएन। नवनिर्वाचित विधान पार्षद संजय कुमार झा ने रविवार को मंत्री पद की शपथ ली है। इन्हें जल संसाधन विभाग मिला है। ललन सिंह के सांसद बन जाने से यह विभाग अभी खाली हो गया था। इन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत भाजपा से की थी। बाद में ये जदयू से जुड़े। वर्तमान में ये जदयू के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं। भाजपा में रहते हुए ये विधान पार्षद भी बनाए गए थे।
राज्य योजना पर्षद के सदस्य भी रह चुके हैं
जदयू में आने पर ये राज्य योजना पर्षद के सदस्य भी बने। हाल ही में हुए विधान परिषद् उप चुनाव में ये एक बार फिर जदयू उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध विधान पार्षद चुने गए हैं। श्री झा भाजपा नेता अरूण जेटली और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफी करीबी माने जाते हैं।2014 में जदयू के टिकट पर लड़ा था चुनाव, हार का करना पड़ा सामना।
मधुबनी के हैं रहनेवाले
संजय झा मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम गांव के रहने वाले हैं। करीब 51 वर्षीय श्री झा जेएनयू विवि दिल्ली से इतिहास में स्नातकोत्तर डिग्री धारी हैं। ये वर्ष 2014 में हुए लोकसभा आम चुनाव में जदयू के टिकट पर दरभंगा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़े थे, लेकिन पराजय का सामना करना पड़ा।
दरभंगा से इस बार नहीं मिल सका था टिकट
इस साल हुए लोकसभा आम चुनाव में भी दरभंगा से ही जदयू के टिकट पर चुनाव लडने की पूरी तैयारी कर रखी थी, लेकिन ऐन वक्त पर यह सीट भाजपा के कोटे में चले जाने के कारण ये चुनाव नहीं लड़ सके। हालांकि हाल ही में संपन्न विधान परिषद उप चुनाव में ये जदयू उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध विधान पार्षद चुने गए हैं। इनके विरूद्ध कोई भी आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है।
