Samastipur Road Accident:दिव्यांग पति के लिए दवा लाने गई थी महिला, रास्ते में कुछ ऐसा हुआ कि घर लौटी उसकी लाश
Samastipur Road Accident दलसिंहसराय से दवा लेकर लौटने के क्रम में वह एक वाहन की चपेट में आ जाने से वह बुरी तरह घायल हो गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिला अंतर्गत हलई ओपी क्षेत्र की मरिचा पंचायत अंतर्गत गहिला गांव की एक महिला की दलसिंहसराय में कुचलकर मौत हो गई है। उसकी पहचान गहिला गांव निवासी मनोज सिंह की पत्नी तीस वर्षीया रूबी देवी के रूप में की गई है। उक्त महिला अपने दिव्यांग पति के लिए दवा लाने के लिए दलसिंहसराय गई हुई थी। बताया जाता है कि गहिला गांव निवासी दिव्यांग मनोज सिंह की पत्नी रूबी देवी अपने पति के लिए दवा लाने गुरुवार को दलसिंहसराय गई थी। लौटने के क्रम में एक वाहन की चपेट में आ जाने से वह बुरी तरह कुचलकर घायल हो गई। घटना के बाद वाहन चालक वहां से गाड़ी के साथ फरार हो गया। कुछ देर तक तो वह वहीं कराहती रही। बाद में आसपास के लोगों ने मदद की। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन, उनकी खराब स्थिति को देखते हुए पटना के लिए रेफर कर दिया गया।
रास्ते में ही हो गई मौत
आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव घर लौटते ही कोहराम मच गया है। चारों तरफ महिलाओं एवं बच्चों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया है। मौके पर पहुंचे मुखिया संजीत कुमार ने कबीर अंत्येष्ठि की राशि देकर शोकाकुल परिवार को परिवारिक लाभ देने के लिए बीडीओ से मांग की है। आसपास जमा लोगों का लोगों का यही कहना था कि वही परिवार चला रही थी। घर और बाहर दोनाें काम महिला के कंधों पर ही था। उसके इस तरह से चले जाने के बाद अब इस परिवार के बच्चों की परवरिश कैसे होगी। अक्सर बीमार ही रहने वाले दिव्यांग पति की देखभाल कौन करेगा। इस हादसे की वजह से जैसे उस परिवार पर दुख का पहाड़ सा टूट पड़ा है।