राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाहक ने पश्चिम चंपारण में कहा- राम मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए गांव- गांव में चलेगा अभियान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाहक अभय गर्ग ने पश्चिम चंपारण के जिला मुख्यालय बेतिया में राम मंदिर निर्माण अभियान समिति की जिला बैठक को संबोधित किया। उन्होंने राम मंदिर निर्माण की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं को बताया कि इस अभियान में श्रद्धापूर्वक भाग लेना है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। श्री राम मंदिर निर्माण अभियान विश्व का सबसे बड़ा अभियान होगा। संघ की योजना है कि प्रत्येक भारतवासी इस अभियान का हिस्सा हो। राम हम सबके आराध्य देवता हैं, और इस भारतवर्ष के गौरव पुरुष हैं। उनकी राजधानी अयोध्या से हम सब का संबंध स्थापित हो, इसके लिए सभी को इस अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। उपरोक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाहक अभय गर्ग ने कही। वे राम मंदिर निर्माण अभियान समिति की जिला बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की और कार्यकर्ताओं को बताया कि इस अभियान में श्रद्धापूर्वक भाग लेना है। इस बैठक में स्वामी उपेंद्र पराशर भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि अयोध्या इस देश में जितना अपेक्षित होना चाहिए था उतना ही लोगों ने इसे उपेक्षित कर दिया। हम सब के लिए गौरव की बात है कि आज अयोध्या का गौरव फिर से लौट आया है। मंदिर निर्माण के लिए जन सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि भारत तो दानवीरों का देश है। यहां ऐसे ऐसे लोग भरे हैं, जो अपने दम पर ही मंदिर का निर्माण कर सकते हैं, लेकिन प्रभु श्री राम के मंदिर निर्माण में हम सब का सहयोग होना चाहिए। जैसा सहयोग गिलहरी ने श्रीराम सेतु के निर्माण में किया था वैसा ही सशक्त प्रयास हर एक देशवासी को करना चाहिए।
बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने श्री राम मंदिर निर्माण के लिए बड़े स्तर पर अभियान की शुरुआत की है जिसका प्रारंभ 16 जनवरी से होगा और 27 फरवरी तक चलेगा। उसी की तैयारी के मद्देनजर यह बैठक राजड्योढ़ी सरस्वती शिशु मन्दिर में आहूत थी। इस अभियान के जिला प्रमुख ब्रजराज श्रीवास्तव ने बताया कि इस अभियान हेतु व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। लगातार बैठके होंगी और राम मंदिर निर्माण अभियान को जोर शोर से चलाया जाएगा। इस बैठक में जिला संघचालक राजकिशोर प्रसाद, नगर संघचालक वसंत राव भुसारी, सरस्वती शिशु मंदिर बरवत के प्राचार्य रामेश्वर यादव, जितेंद्र तिवारी, भास्कर कुमार, दिवाकर राय, प्रमोद ङ्क्षसहानिया, राजकुमार आदि उपस्थित रहे।