Darbhanga News: RSS के प्रचारक डॉ. सुमन बोले- कोरोना चीन का छोड़ा गया जैविक हथियार
दरभंगा में बोले आरएसएस के प्रचारक व हिन्दू जागरण मंच बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय प्रभारी। कहा-चीन निर्मित उत्पादों का पूर्ण बहिष्कार करने का लें संकल्प स्वदेशी को करें अंगीकार। उन्होंने कहा कि जो भारत को जानेगा मानेगा और बनाएगा वही भारत का बनेगा।
दरभंगा, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक व हिन्दू जागरण मंच बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डॉ. सुमन कुमार ने कहा कि जो भारत को जानेगा, मानेगा और बनाएगा, वही भारत का बनेगा। भाईचारे का गीत गाकर झूठे सेकुलरिज्म से हिन्दू समाज को दिग्भ्रमित करने का षड्यंत्र बंद होना चाहिए। कोरोना चीन की ओर से छोड़ा गया जैविक हथियार है। वे शहर के श्यामा माई मंदिर परिसर में संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
डॉ. सुमन ने कहा कि सनातन धर्म प्राचीनकाल से धर्मनिरपेक्ष रहा है। सभी धर्मों का संरक्षण करनेवाले विश्व में हम अकेले हैं। बाकि सभी ने धर्म विस्तार में करोड़ों हत्याएं की हैं। कोई हमें धर्मनिरपेक्षता का पाठ न पढ़ाए। कार्यकर्ताओं को अपने धर्म के प्राचीन गौरवशाली इतिहास को पढऩा चाहिए।
चुनाव में प्रत्याशी के गुण-दोष की करें समीक्षा
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सभी को अपने प्रत्याशी के गुण-दोष की समीक्षा करनी चाहिए। पहले मतदान, फिर जलपान करना चाहिए। हमें इस अवसर पर संकल्प लेना चाहिए कि भारत माता को न झुकने देंगे और न ही बंटने देंगे। अभी कोरोना का वक्त है। हमें अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी। चीन की करतूत सबने देख ली है। चीन को एहसास भी करा दिया गया है कि ये नेहरू का 1962 का भारत नहीं है। ये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2020 युग है।
चीन के दोगुने से अधिक सैनिक मारकर भारतीय सेना ने इतिहास रचा है। लेकिन, चीन को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए हमें चीन निर्मित उत्पादों का पूर्ण बहिष्कार करने का संकल्प लेना चाहिए। स्वदेशी को अंगीकार करना होगा। केवल प्रधानमंत्री के क्रियाशील होने से चीन पस्त नहीं होगा। सभी को आपसी मतभेद भुलाकर श्रेष्ठ भारत के निर्माण के लिए एक होना होगा।