मुजफ्फरपुर के अघोरिया बाजार में मकान का छत गिरा, तीन घायल Muzaffarpur News
हादसे लिए नगर निगम को जिम्मेवार ठहराते हुए लोगों ने जताया विरोध। घटना की जानकारी पर नगर आयुक्त ने किया जर्जर भवन का निरीक्षण।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के अघोरिया बाजार स्थित सामुदायिक आवास का एक हिस्सा मंगलवार की सुबह टायर रिपेयरिंग की दुकान पर गिर गया। इसमें तीन लोग जख्मी हो गए। इससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। कुछ समय के लिए सड़क जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर स्थानीय वार्ड पार्षद शिखा सुरभि के पति संतोष साहेब भी पहुंचे। वार्ड पार्षद पति के सहयोग से सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा निगम को जिम्मेवार बताते हुए आक्रोश जताया गया। वार्ड पार्षद पति ने कहा कि जर्जर मकान को लेकर कई बार निगम में शिकायत की गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और हादसा हुआ। इधर, घायलों में दुकान संचालक मो. नाजिर, स्थानीय रामानंद राम की 16 वर्षीय पुत्री रौशनी व छह वर्षीय पायल शामिल है।
बताया गया कि पायल का पैर टूट गया है। रौशनी को पीठ में गंभीर चोट है। मो. नाजिर को भी गंभीर चोट है। रामानंद के बारे में बताया गया कि वह निगम में सफाई कर्मी है। इसी बस्ती में परिवार के साथ रहते है। घटना के बाद नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा ने भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस संबंध में आवश्यक कदम उठाएं जाएंगे।