सीतामढ़ी में किसान के घर लाखों का डाका, फायरिंग, आधा दर्जन बम विस्फोट
जिला मुख्यालय डुमरा से सटे परसौनी गांव की घटना, देर रात पहुंची डुमरा थाना पुलिस ने डकैतों की तलाश में की छापेमारी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सीतामढ़ी जिला मुख्यालय डुमरा से सटे परसौनी गांव में मंगलवार की रात दो दर्जन सशस्त्र डकैतों ने किसान शुभ नारायण झा के घर पर धावा बोल नगदी और जेवरात समेत 5 लाख की संपत्ति लूट ली। गृहस्वामी समेत परिजनों को बंधक बना डकैतों ने तकरीबन 45 मिनट तक लूट-पाट की। इस दौरान डकैतों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग और आधा दर्जन बम विस्फोट भी किए। डकैतों ने गोदरेज, बक्सा और पेटी तोड़ कर 15 भर वजन के जेवरात लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंच मामले की जांच की। वहीं डकैतों की तलाश में छापेमारी की। लेकिन, डकैतों का पता नहीं चल सका।
बुधवार की सुबह एसडीपीओ सदर डॉ. कुमार वीर धीरेंद्र ने डुमरा थानाध्यक्ष विकास कुमार के साथ मौके पर पहुंच मामले की जांच की। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से बम का अवशेष बरामद किया। एसडीपीओ सदर ने शीघ्र ही डकैतों को गिरफ्तार करने का दावा किया। उन्होंने डकैतों द्वारा बम विस्फोट किए जाने की बात स्वीकारी, लेकिन फायरिंग से इन्कार किया। कहा कि गोली का खोखा नहीं मिला है। इधर, गांव में हुई इस डकैती के बाद लोगों में दहशत है। बताते चले कि शुभ नारायण झा इलाके के सम्पन्न किसान हैं। उनके पुत्र संजीव कुमार अधिवक्ता हैं।
संजीव बीमा सलाहकार भी हैं। मंगलवार की रात किसान समेत घर के सभी सदस्य सोए थे। इसी बीच दरवाजा तोड़ घुसे डकैतों ने आर्म्स के बल पर गृहस्वामी समेत परिजनों को बंधक बना घटना को अंजाम दिया।