डकैती के प्रयास में विफल हुए अपराधियों ने किराना व्यवसायी के घर की बमबारी, जानिए मामला... Samastipur News
समस्तीपुर के चकमेहसी थाना क्षेत्र की घटना। हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी के घर बमबाजी कर दहशत फैला दी। डकैती की नीयत से घर पर बोला था धावा।
समस्तीपुर, जेएनएन। चकमेहसी थाना क्षेत्र के मालीनगर वार्ड 12 कटहर बन्नी टोले में रविवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी के घर बमबाजी कर दहशत फैला दी। बमबाजी में किराना व्यवसायी के पुत्र 20 वर्षीय कन्हैया कुमार और उनका पोता आठ वर्षीय प्रियांशु गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना रविवार की देर रात करीब 12 बजे की है।
लगभग एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से घर पर धावा बोल दिया। घर में प्रवेश करते ही बरामदे में सो रहीं गृहस्वामी विनय साह की मां सीता देवी को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर लूटपाट का प्रयास किया। इस दौरान आवाज सुनकर व्यवसायी के दोनों पुत्र जग गए। गेट बंद कर छत से बदमाशों पर ईंट मारना शुरू कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए पांच बार बम विस्फोट किया। घर की दीवार व एस्बेस्टस क्षतिग्रस्त हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार धमाका इतना जोरदार आवाज के साथ हुआ कि लोग थर्रा गए। वहीं, विस्फोट के बाद धुंए का बवंडर आसपास के लोग अपनी छतों पर निकलकर देखने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इससे पूर्व सभी बदमाश भाग निकले। घर की दीवार पर बम विस्फोट के निशान हैं। स्थानीय निजी क्लीनिक में जख्मियों का उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। थानाध्यक्ष खुशबुद्दीन ने बताया कि पीडि़त द्वारा आवेदन पर अज्ञात के विरुद्ध एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही, आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।