राजद ने बंदी को लेकर झोंकी ताकत
जिले की गिरती विधि-व्यवस्था लेकर शनिवार को आयोजित बंदी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने अपनी ताकत झोंकी है।
मुजफ्फरपुर। जिले की गिरती विधि-व्यवस्था लेकर शनिवार को आयोजित बंदी को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने अपनी ताकत झोंकी है। आज बंदी को लेकर पार्टी को ओर से विभिन्न प्रकोष्ठ की ओर से जनसंपर्क किया जा रहा है। शाम में मशाल जुलूस निकालने की तैयारी है। राजद जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक मिथलेश प्रसाद यादव ने कहा कि मशाल जुलूस खुदीराम बोस स्मारक स्थल से निकलेगा तथा सरैयागंज टावर, मोतीझील, स्टेशन होते हुए स्मारक स्थल पर जाकर समाप्त होगा। अलग-अलग टोली बनी है जो शहर के अलग-अलग मार्ग पर बंद करायेंगे। राजद विधायक राजीव कुमार उर्फ मुन्ना यादव ने कहा कि जिले में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। आए दिन हत्या, लूट की घटना हो रही है। चिकित्सक के घर पर डकैती हुई और बगल में थाना और अपराधी चलते बने। महिला राजद की जिलाध्यक्ष पूर्व जिला पार्षद नीरा देवी ने कहा कि पुलिस का हाल-बेहाल है। आमलोगों का जीना मुश्किल है। रोज हत्या, डकैती, छिनतई, लूट की घटना हो रही है। इसलिए राजद कार्यकर्ता आंदोलन की राह पर है। 21 जुलाई को शत प्रतिशत बंदी रहेगी। व्यवसायियों व आम लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की। महिलाएं भी बंदी को लेकर सड़क पर उतरेंगे। राजद प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महतो ने कहा कि आज आम आदमी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहा है। जनता के सवाल पर बंद का आयोजन किया गया है। सुबह से सड़क पर कार्यकर्ता
छात्र राजद के महासचिव चंदन यादव ने कहा कि कल शनिवार को सुबह से ही राजद कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। सुबह आठ बजे से जीरोमाइल चौक से बंदी से शुरूआत होगी। उसके बाद युवाओं की टोली बंद कराते हुए सरैयागंज टावर की ओर आयेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। इसलिए राजद अब चुप नहीं बैठने वाला है। अगर अपराध पर काबू नहीं हुआ तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगी।