मुजफ्फरपुर में जलजमाव का राजद कार्यकर्ताओं ने इस तरह किया विरोध, लगाए सरकार के विरोध में नारे
प्रदर्शनकारियों ने मोतीझील धर्मशाला चौक एवं छोटी कल्याणी रोड में ट््यूब की नाव चलाकर अपना विरोध जताया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शहर में जलजमाव को लेकर महानगर राजद ने शासन-प्रशासन का विरोध किया। महानगर राजद अध्यक्ष राई शाहिद इकबाल मुन्ना के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ता मोतीझील में जलजमाव के बीच ट्यूब पर तख्त रख बैठ गए और नगर विकास मंत्री व निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मोतीझील, धर्मशाला चौक एवं छोटी कल्याणी रोड में ट््यूब की नाव चलाकर अपना विरोध जताया।
मंत्री पर शहरवासियों को ठगने का आरोप
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि नगर विधायक सह मंत्री ने विकास के नाम पर शहरवासियों को ठगने का काम किया है। मंत्री होकर भी अपने शहर को जलजमाव से निजात नहीं दिला पाए। युवा राजद के प्रदेश प्रवक्ता दीपक ठाकुर ने कहा कि मंत्री ने शहरवासियों की समस्या दूर करने के नाम पर सिर्फ आश्वासन दिया समस्या को दूर नहीं किया। वे सिर्फ शहरवासियों को सपना दिखाते हैं। राजद नेताओं ने नाला निर्माण एवं उड़ाही पर हुए खर्च की जांच सरकार से कराने की मांग की।
जलनिकासी को लेकर स्टेट हाईवे को किया जाम
लगातार हो रही बारिश से नगर पंचायत के वार्ड नं. 7 के दर्जनों घरों में बरसाती पानी घुस गया है जिससे ग्रामीणों के घरों में चूल्हा- चौका बंद हो गया है। वहीं, पानी रोड पर भी आ गया है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आजिज होकर ग्रामीणों ने नीमचौक पर स्टेट हाईवे 74 को जाम कर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई तथा आवागमन बाधित होने से लोग परेशान हो गए।
जलनिकासी के बाद हटाया जाम
ग्रामीणों ने बताया कि जलनिकासी को लेकर कई बार नगर कार्यपालक पदाधिकारी व वार्ड पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। जाम करने के तीन घंटे बाद पदाधिकारियों द्वारा जलनिकासी की व्यवस्था की गई जिसके बाद लोगों ने जाम हटाया।
जलजमाव से निजात दिलाने को प्रदर्शन
पारू प्रखंड के देवरिया-मोतीपुर मुख्य मार्ग स्थित देवरिया मुखिया चौक से डुबरवाना गांव जाने वाली मुख्य सड़क पर एक दशक से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क की मरम्मत नहीं कराने के खिलाफ सोमवार को ग्रामीणों मुख्य सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया। धीरज कुमार सिंह ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर जलजमाव से निजात नहीं दिलाया गया तो प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में मंजीत कुमार सिंह, सोनू कुमार, दिनेश साह, रामनाथ पंडित ,बच्चा राम आदि शामिल थे।