पूर्वी चंपारण में राजद विधायक के मौसेरे भाई की हत्या में पुलिस पर सवाल, पुलिस को सात दिनों का अल्टीमेटम
पूर्वी चंपारण में गुरुवार देर शाम राजद विधायक के मौसेरे भाई की हत्या हुई। इस मामले में विधायक ने पुलिस को दिया सात दिनों का अल्टीमेटम। बाइक बरामद सेलफोन की तलाश जारी।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पीपरा थाना क्षेत्र के महुआवा गांव निवासी राकेश रौशन उर्फ कन्हाई कुमार( 25) की हत्या में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। कन्हाई के ममेरे भाई और हरसिद्धि के राजद विधायक राजेंद्र राम ने पुलिस को सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है। कहा कि पुलिस को आरोपित नहीं कर रहे हैं। लेकिन, पुलिस को यह बताना चाहिए कि हत्या कैसे और किसने की। घटना को सामान्य तरीके से नहीं लिया जा सकता। पुलिस को पता लगाना चाहिए कि कन्हाई के साथ निकला मनीष कुमार राम कहां और किस परिस्थिति में है। सात दिनों बाद आगे की रणनीति तय करेंगे।
मामले में प्राथमिकी दर्ज
कन्हाई के भाई ब्रजेश राम ने पीपरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने ग्रामीण मनीष कुमार राम को आरोपित किया। बताया कि कन्हाई मनीष के साथ गुरुवार देर शाम घर से बाइक पर निकला। आशंका है कि मनीष ने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह शव रेल ट्रैक के किनारे मिला। दोनों पैर तेज हथियार से काटे गए थे। सिर और बांह पर गहरे जख्म थे। पुलिस ने पीपरा से कन्हाई की बाइक बरामद की, लेकिन सेलफोन गायब है। थानाघ्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि आरोपित मनीष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस बारे में चकिया के डीएसपी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि थानाघ्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन कर मनीष की खोज की जा रही है। संभवत: मनीष ही सेलफोन लेकर फरार है। मनीष का सेलफोन भी बंद है। वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है ।
वहीं, हरसिद्धि ( सुरक्षित) के विधायक राजेंद्र कुमार राम ने कहा कि पुलिस पर सीधा आरोप नहीं है। लेकिन, हत्या की परिस्थिति आशंका को जन्म देती है। पुलिस को जल्द जानकारी देनी चाहिए। राज्य और जिले में अपराध चरम पर है। प्रशासन रोक लगाए, नहीं तो जनता का विश्वास टूट जाएगा।