RJD-Congress controversy: क्या कन्हैया कुमार लालू प्रसाद को चैलेंज करने बिहार आएंगे?
बिहार की दो विधानसभा सीटों के लिए होने जा रहे उपचुनाव के लिए नामांकन का काम पूरा हो गया है। इस बीच राजद ने चुनाव प्रचार के लिए लालू प्रसाद के आने की घोषणा की है। अब यह सवाल पूछा जा रहा है क्या कन्हैया चुनाव प्रचार करने यहां आएंगे?
मुजफ्फरपुर, आनलाइन डेस्क। बिहार में चुनाव हो और बिना सुर्खियां बटोरे संपन्न हो जाए, ऐसा संभव है क्या? आगामी 30 अक्टूबर को होने जा रहे दो सीटों के विधानसभा उपचुनाव के लिए भी कुछ ऐसा ही दिख रहा है। चुनाव आयोग की ओर से इसकी तिथि घोषित करते ही सूबे का राजनीतिक पारा अचानक से चढ़ गया था। यह सरगर्मी अबतक बरकरार है। यूं तो शुक्रवार को नामांकन का काम पूरा हो गया, लेकिन राजद ने चुनाव प्रचार के लिए लालू प्रसाद यादव को मैदान में उतारने की घोषणा कर राजनीतिक तापमान को और बढ़ा दिया है। ऐसे में यह सवाल पूछा जाने लगा है कि क्या कन्हैया कुमार भी कांग्रेस की ओर से प्रचार करने बिहार आएंगे, खासकर कुशेश्वरस्थान? क्योंकि यहां पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर है। इसी सीट पर विवाद के बाद महागठबंधन में दरार आ गया है। राजद और कांग्रेस दोनों ने अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। वैसे हाल में उन्हें बतौर स्टार प्रचारक हिमाचल प्रदेश भेजने की घोषणा कांग्रेस ने की है।
नामांकन का काम पूरा हो गया
कुशेश्वरस्थान और तारापुर सीट के लिए होने जा रहे उपचुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन का काम पूरा हो गया है। 11 अक्टूबर को नामांकन पत्र की जांच की जाएगी और इसके बाद 16 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। इसके बाद ही सही तस्वीर सामने आएगी, लेकिन नामांकन से पहले जिस तरह का घमासान राजद और कांग्रेस के बीच हुआ, इसको देखकर लगता तो नहीं है कि राजद पीछे हटने जा रहा है। कुशेश्वरस्थान सीट से प्रत्याशी को वापस करने की कांग्रेस की मांग शायद ही पूरी हो।
चुनाव प्रचार मैदान में उतारने की घोषणा
दरअसल, कन्हैया कुमार के कांग्रेस में शामिल होने से राजद नाराज है। उनका कहना है कि कन्हैया कुमार को पार्टी में शामिल किए जाने से पहले पूछा नहीं गया। बिहार के राजनीतिक गलियारे में इस बात की चर्चा है कि कन्हैया कुमार के कांग्रेस में आने के बाद यदि उनका जनाधार बढ़ता है तो यह तेजस्वी की परेशानी को बढ़ा सकता है। इस बीच राजद ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को न केवल स्टार प्रचारक बनाया वरन 20 अक्तूबर को उन्हें चुनाव प्रचार मैदान में उतारने की घोषणा कर दी है। इसके बाद कन्हैया कुमार के बिहार आने के बारे में सवाल पूछे जाने लगे हैं। उन्हें हिमाचल में हो रहे उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकर बनाया गया है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस चुनाव के करीब आकर इस पर फैसला ले सकती है कि कन्हैया को बिहार के चुनाव मैदान में उतारा जाए या नहीं?