Bihar Flood News: उत्तर बिहार में बारिश से नदियां उफनाईं, बाढ़ ने मचाई तबाही, सात की मौत
Bihar Flood News उत्तर बिहार में रविवार देर से लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है। इस बीच डूबने से पांच की मौत हो गई व घर गिरने से दो मरे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में रविवार देर रात और सोमवार को झमाझम बारिश हुई। नदियां में उफान से बाढ़ का कहर शुरू हो गया है। सड़कों पर पानी बह रहा है। पश्चिम चंपारण के सिकटा में त्रिवेणी नहर का उत्तरी तटबंध टूट गया है। मधुबनी के बाबूबरही में सोनी नदी पर बना चचरी पुल बह गया। छह से अधिक कच्चे घर गिर पड़े। नदियों में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। घर गिरने से दो की मौत और दो लोग जख्मी हो गए।
पश्चिम चंपारण में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नरकटियागंज में रेल ट्रैक पर पानी चढ़ गया है। चंपारण तटबंध व पीडी रिंग बांध से रिसाव हो रहा है। पूर्वी चंपारण के के निचले क्षेत्रों में पानी फैलने लगा है। समस्तीपुर के बिथान, कल्याणपुर और समस्तीपुर शहर के निचले क्षेत्र में पानी फैल चुका है। सीतामढ़ी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। शिवहर के निचले क्षेत्रों में पानी फैल रहा है। दरभंगा और मुजफ्फरपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति गंभीर है।
मुजफ्फरपुर में बाढ़ का ये हाल
जिले के औराई, कटरा, पारू व साहेबगंज में मूसलधार बारिश से नदियों के जलस्तर में वृद्धि हुई है। औराई के पांच हजार व कटरा के सैकड़ों घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। पारू व साहेबगंज में बाया नदी का बांध टूटने से नदी का पानी कई गांवों में घुस गया है। इधर, बूढ़ी गंडक का पानी बोचहां के आथर व गुढ़मी गांवों में घुस गया है। नून नदी पर निर्मित डायवर्सन टूटने से सरैया-तुर्की मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है।