मुजफ्फरपुर-छपरा मार्ग पर रेवा घाट पुल से गंडक में कूदा जियो एजेंसी संचालक
Jio Agency Operator Missing: मुजफ्फरपुर-छपरा मार्ग पर रेवा घाट पुल से एक जियो एजेंसी संचालक अभिषेक साह ने गंडक नदी ...और पढ़ें

अभिषेक साह। फाइल फोटो। सौ: स्वजन
संवाद सहयोगी, सरैया (मुजफ्फरपुर)। Jio Agency Operator Missing: मुजफ्फरपुर-छपरा मार्ग पर एनएच-722 में रेवा घाट के निकट शनिवार दोपहर जियो एजेंसी संचालक ने पुल से गंडक नदी की तेज धारा में छलांग लगा दी।
घटना के बाद से युवक लापता है और उसकी बरामदगी नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
बताया जाता है कि वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र के बेलवर गांव निवासी अनिल साह का पुत्र अभिषेक साह (22) सरैया बाजार में जियो कंपनी की एजेंसी चलाता था।
शनिवार दोपहर उसने अपने एक स्टाफ को फोन कर रेवा घाट पुल पर बुलाया था। स्टाफ के वहां पहुंचने के कुछ ही देर बाद अभिषेक ने पुल से गंडक नदी में छलांग लगा दी।
स्टाफ के पहुंचते ही छलांग
स्टाफ ने पुल के किनारे अभिषेक की बुलेट बाइक खड़ी देखी। बाइक में चाबी लगी हुई थी और वहीं उसका मोबाइल भी रखा था।
स्टाफ जैसे ही बाइक के पास पहुंचा, उससे कुछ दूरी पर खड़े अभिषेक ने अचानक पुल की रेलिंग पर चढ़कर गंडक नदी की उफनती तेज धारा में छलांग लगा दी।
नदी में पानी का जलस्तर अधिक होने के कारण अभिषेक का कहीं कुछ पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही उसके स्वजन बदहवास हालत में रेवा घाट पुल पर पहुंच गए। पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
परिवार में मचा कोहराम
अभिषेक ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इस संबंध में स्वजन अभी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, अभिषेक की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। उसका एक-दो माह का छोटा बच्चा भी है।
हृदयविदारक घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस युवक के नदी में कूदने के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
