रौतनिया कूड़ा डंपिंग स्थल का नए सिरे से होगा विकास, किया गया निरीक्षण Muzaffarpur News
डंपिंग स्थल पर लगाए जाएंगे पौधे पानी के छिड़काव की होगी स्थायी व्यवस्था। कूड़ा डंपिग स्थल की समस्या दूर करने रौतनिया पहुंचे नगर आयुक्त लिया जायजा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। रौतनिया स्थित निगम के कूड़ा डंपिंग स्थल का नए सिरे से विकास होगा। जमा कूड़े में आग लगने पर उसे बुझाने के लिए पानी छिड़काव की स्थायी व्यवस्था की जाएगी। वहीं डंपिंग स्थल के चारों तरफ पौधारोपण किया जाएगा, ताकि वहां हर तरफ हरियाली दिखे। विवाद हल करने के लिए जिला प्रशासन से मदद और ग्रामीणों से भी बातचीत की जाएगी। नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा ने बुधवार को कूड़ा डंपिग स्थल की समस्या दूर करने रौतनिया पहुंचे। वहां का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा डंपिंग स्थल को फिर से विकसित किया जाएगा। निगम की जमीन के साथ-साथ आसपास के इलाके को हरा-भरा बनाया जाएगा। इसके लिए बड़ी संख्या में पौधारोपण किया जाएगा।
एनएच किनारे डंप कर चल रहा काम
दादर में कूड़ा डंप किए जाने से रोके जाने के बाद शहर की सफाई प्रभावित हुई है। बुधवार को भी शहर की सड़कों पर कूड़े का अंबार लगा रहा। हालांकि जीरो माइल एवं दादर के बीच एनएच किनारे कुछ कूड़ा को डंप कर किसी तरह काम चलाया गया। लेकिन पूरे शहर का कूड़ा ठिकाने नहीं लगाया जा सका।
समिति एवं निगम बोर्ड समस्या को लेकर उदासीन
कूड़ा डंपिंग स्थल का अभाव शहर को नारकीय हालात में पहुंचा देगा। लेकिन इसकी परवाह नगर निगम सशक्त स्थायी समिति एवं निगम बोर्ड को नहीं। किसी भी बैठक में इस समस्या का स्थायी हल करने पर कोई विचार-विमर्श नहीं हुआ। न किसी पार्षद ने और न ही किसी अधिकारी ने इसे समिति एवं बोर्ड की बैठकों में रखा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप