राशन कार्डधारियों के लिए अलर्ट जारी, 28 फरवरी तक ई-केवाईसी नहीं तो रुक सकता है अनाज
Ekyc Last Date: खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने बिहार के सभी राशन कार्डधारियों को 28 फरवरी तक ई-केवाईसी कराने ...और पढ़ें

Pds Ekyc Bihar: लाभार्थियों को आगे राशन मिलने में परेशानी हो सकती है। फाइल फोटो
HighLights
28 फरवरी तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य।
ई-केवाईसी न होने पर राशन रुक सकता है।
पीडीएस दुकान या मोबाइल ऐप से सत्यापन संभव।
डिजिटल डेस्क, मुजफ्फरपुर। Ration Card Ekyc: राज्य के सभी राशन कार्डधारियों के लिए बड़ी खबर है। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी लाभुक 28 फरवरी तक अनिवार्य रूप से ई-केवाईसी करा लें। तय तिथि तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभार्थियों को आगे राशन मिलने में परेशानी हो सकती है।
निरंतरता बनाए रखने के लिए जरूरी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत मिलने वाले मुफ्त एवं रियायती राशन की निरंतरता बनाए रखने के लिए ई-केवाईसी जरूरी है। जिन लाभुकों ने अब तक अपनी ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
दुकानों पर हो रहा बायोमेट्रिक सत्यापन
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार, राज्य की सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों पर ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है। लाभुक अपनी अंगुलियों के निशान या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए ई-केवाईसी करा सकते हैं।
इसके अलावा, ‘फेशियल ई-केवाईसी मोबाइल ऐप’ के माध्यम से भी घर बैठे ई-केवाईसी कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
बाहर रहने वाले लाभुक भी करा सकते ई-केवाईसी
विभाग ने बताया कि जो राशन कार्डधारी फिलहाल राज्य से बाहर रह रहे हैं, उन्हें बिहार लौटने की जरूरत नहीं है। वे देश के किसी भी पीडीएस दुकान पर जाकर या मोबाइल ऐप के जरिए अपनी ई-केवाईसी करवा सकते हैं।
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, अहमदाबाद, हैदराबाद, चंडीगढ़ समेत अन्य शहरों में रह रहे लाभुक भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
हो सकती कार्रवाई
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि 28 फरवरी तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लाभुकों का राशन अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। ऐसे में सभी कार्डधारियों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द प्रक्रिया पूरी करें।
इस संबंध मोतीपुर के लाभुक सोहन सहनी ने कहा कि मेरे परिवार के कुद सदस्य दिल्ली रहते हैं। वे होली की छुट्टी में आने वाले हैं। जबकि अंतिम तिथि 28 फरवरी रखा गया है। इसमें समय थोड़ा और देना चाहिए।
सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी
ई-केवाईसी से संबंधित जानकारी या परेशानी होने पर लाभुक निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं :
हेल्पलाइन नंबर: 1800-3456-194, 14445, 1967
विभाग की अपील
खाद्य विभाग ने सभी राशन कार्डधारियों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी ई-केवाईसी कराकर सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें। इससे फर्जी लाभुकों पर रोक लगेगी और पात्र परिवारों को समय पर राशन मिल सकेगा।
विभाग का कहना है कि ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने से जन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आएगी और लाभुकों को बिना किसी बाधा के खाद्यान्न मिलता रहेगा।
