पासवान मुजफ्फरपुर में महागठबंधन पर बरसे, लेकिन मधुबनी में किए निराश, जानें मामला
लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान मंगलवार को मुजफ्फरपुर में तो महागठबंधन पर खूब बरसे लेकिन मधुबनी में उन्हें हेलिकॉप्टर ने धोखा दे दिया। वे सभा को संबोधित नहीं कर सके।
मुजफ्फरपुर/मधुबनी, जेएनएन। केंद्रीय मंत्री व लोजपा सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कहा कि मोदी सरकार में आजादी के बाद पहली बार राष्ट्र प्रेम की भावना सबसे ऊपर आया है। राष्ट्र की सुरक्षा हमारा प्रमुख उद्देश्य है। विकास भी प्राथमिकता में है। प्रधानमंत्री ने सामान्य वर्ग के गरीब लोगों को आरक्षण देकर सामाजिक समरसता का उदाहरण दिया। मगर, इसका विरोध राजद व कांग्रेस कर रही है। हमने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया। हम गरीबों के राज की बात करते हैं। हर घर में गैस चूल्हा, शौचालय, बिजली की व्यवस्था की गई है। पासवान मंगलवार को मुजफ्फरपुर के अलावा मधुबनी में भी सभा को संबोधित करनेवाले थे, लेकिन तकनीकी वजह से हेलिकॉप्टर नहीं उतर सका। वे सभा को संबोधित नहीं कर सके। इससे समर्थकों को काफी निराशा हुई।
मुजफ्फरपुर के पताही हवाई अड्डा मैदान परिसर में एनडीए की विजय संकल्प रैली में लोजपा सुप्रीमो ने कहा कि देश की दस करोड़ परिवार को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। 20 रुपये किलो गेहूं खरीदकर दो रुपये किलो गरीबों को दे रहे। देश की 81 करोड़ लोगों को तीन रुपये किलो चावल उपलब्ध कराया जा रहा है। पीएम के हाथों में देश सुरक्षित है। देश में मजबूत सरकार की वजह से ही पाकिस्तान घबराया हुआ है। सेना का मनोबल ऊंचा हुआ है। एनडीए सरकार आतंक का सफाया कर रही है, मगर राजद व कांग्रेस कुछ लोगों को भड़काने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सभी धर्मों व जाति के लोग बराबर हैं। हम जात-पात नहीं, सिर्फ देश के विकास व गरीब-मजदूर के राज की बात करते हैं। आज महागठबंधन पूरी तरह से बिखरा हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में सूबे का तेजी से विकास हुआ है।
नहीं उतरा रामविलास का हेलिकाॅप्टर
और निराश हो लौट गए अपने नेता को सुनने आए लोग व एनडीए कार्यकर्ता। मंगलवार को प्रखंड के बेलाही उच्च विद्यालय प्रांगण में दिन के 12.30 बजे एनडीए के भाजपा प्रत्याशी डा. अशोक यादव के समर्थन के लिए चुनावी सभा होनी थी। इस चुनावी सभा में एनडीए के केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान, नंदकिशोर यादव व डाॅ. सी.पी. ठाकुर को सभा संबोधित करने हेलिकॉप्टर से आना था। तैयारी पूरी कर ली गई थी। लोग भी पहुंच गए थे। इस बीच राजनगर के विधायक व अन्य नेता का भाषण शुरू हो गया।
कार्यक्रम के दौरान ही केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान, भाजपा नेता नंद किशोर यादव व सीपी ठाकुर का हेलिकॉप्टर आता दिखाई दिया। लोग दौड़ कर बाहर निकले हेलिपैड की ओर, परन्तु हेलिकाप्टर मैदान का चक्कर लगाते हुए निकल गया। दस मिनट बाद फिर वही हेलिकॉप्टर मैदान के ऊपर चक्कर लगाने लगा। फिर वह काफी नीचे तक आ गया। नेताजी हेलिकॉप्टर से हाथ भी हिला रहे थे, परन्तु तीन चक्कर लगाने के बाद हेलिकॉप्टर वापस पटना की ओर चला गया।। आधा घंटा तक लोग इंताजार करते रहे, परन्तु इस बार हेलिकॉप्टर वापस नहीं आया।