रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा, राजद निषाद समाज का असली हिमायती
सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी के लिए राजद सही विकल्प। राजग से चले उपेंद्र तो अब उनका महागठबंधन ही सहारा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी के लिए राजद या महागठबंधन ही राजनीतिक सही विकल्प है। उन्हें बिना विलंब किए महाठबंधन के साथ हो जाना चाहिए। यह समय और उनके समाज की आवाज है।
राजकीय अतिथिशाला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ.सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ने मल्लाह समाज को राजनीतिक व सामाजिक रूप से जितना सम्मान दिया उतना किसी दल ने नहीं दिया। उदाहरण दिया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री व निषाद समाज के सबसे सम्मानित नेता कैप्टन जयनारायण प्रसाद निषाद, महेंद्र सहनी, विद्यासागर निषाद सहित करीब 35 नेताओं को मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, बनाने या उनको टिकट देने का काम राजद ने किया है।
मल्लाह समाज के साथ-साथ आर्थिक व सामाजिक रूप से पिछड़े नोनिया, केवट, बेलदार, बिंद, गंगौत, खरिया, लोहार, तंतवा, तांती को अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति में शामिल करने के लिए लोकसभा में करीब 20 बार आवाज उठाई। लगातार मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री तथा संबंधित मंत्रालय में पत्र लिखते रहे हैं। लेकिन, दूसरे दल के लोग केवल पिछड़ी जातियों को अपना वोट बैंक मानते रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को लौरिया में राजद की ओर से निषाद महासम्मेलन में भाग लेने के लिए बुलाया गया है। वहां पर इस बात को वह प्रमुखता से रखेंगे।
महागठबंधन उपेंद्र का ठिकाना
डॉ.सिंह ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा का अगला पड़ाव महागठबंधन ही होगा। जब वह भाजपा को छोड़कर चले तो अगला पड़ाव उनका दूसरा कहां होगा। देश से भाजपा की विदाई के लिए सारे गैर भाजपा दल महागठबंधन के साथ हो रहे हैं। इस मौके पर महानगर राजद अध्यक्ष वसीम अहमद मुन्ना, छात्र राजद के प्रदेश प्रधान महासचिव चंदन यादव, वरीय नेता डॉ.बिनोद यादव, रमेश गुप्ता, दीपक ठाकुर, चक्रधर पासवान आदि मौजूद थे।