RJD के रघुवंश के बोल: बालिका गृह कांड से शर्मसार बिहार, इस्तीफा दें नीतीश कुमार
मुजफ्फरपुर के बालिका गृह कांड से पूरा बिहार शर्मसार है। इसके बाद नीतीश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए। राजद के रघुवंश कुमार ने इसकी मांग की है। उन्होंने और क्या कहा, जानिए।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। बालिका गृह कांड से पूरा बिहार शर्मसार है। इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर काला दाग लग गया है। ये बातें राजद के वरीय नेता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर वे इस्तीफा नहीं देते हैं तो राजग उनके इस्तीफा तक आंदोलन चलाएगा।
सहयोगियों ने भी नकारा
रघुवंश प्रसाद ने यह भी कहा कि इस घटना के बाद नीतीश कुमार राजग का मुख्यमंत्री चेहरा नहीं रहे। सहयोगी दल ही खुलकर विरोध पर उतर गए हैं। पिछले दिनों राजग के प्रमुख सहयोगी रालोसपा सुप्रीमो केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था कि नीतीश कुमार को आनेवाले दिनों में खुद ही पद से हट जाना चाहिए। भाजपा के वरीय नेता सीपी ठाकुर भी बालिका गृह यौन हिंसा के मामले में आहत हैं। वे आरोपित मंत्री से इस्तीफा मांग रहे हैं। घटना को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर किरकिरी हुई है। राजद ने तो पहले ही उनको नकार दिया है। अब राजग के सहयोगी भी उनको नकार रहे हैं।
अब तो देना चाहिए इस्तीफा
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद मानते हैं कि मुजफ्फरपुर की घटना बहुत शर्मनाक है। अब उनको और किस शर्मनाक घटना का इंतजार है? जिस तरह उन्होंने रेलमंत्री रहते ट्रेन दुघर्टना के बाद इस्तीफा दे दिया था, उस तरह बालिकाओं के साथ सरकारी संरक्षण में हुए घिनौने कृत्य के लिए तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजद इस पर चुप नहीं बैठने वाला। नौ अगस्त को राजद प्रदेश स्तर पर जन आंदोलन का एलान करेगा। जब तक वे पद से नहीं हटते तथा बच्चियों को इंसाफ नहीं मिलता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।