राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बोले राधामोहन, ‘सशक्त होंगी बेटियां तो समृद्ध होगा देश’
बच्चियों व महिलाओं को सशक्त करने की दिशा में किए गए हैं सार्थक प्रयास। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कन्या उत्सव का हुआ आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम में लोक संगीत की रही धूम।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि बेटियां हमारे देश का गौरव हैं। बेटियां जब सशक्त होंगी तो देश समृद्ध होगा। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान ने सामाजिक स्तर पर एक बड़ा प्रभाव डाला है। अब हमारी बेटियां पढ़ भी रही है और हर क्षेत्र में मजबूती के साथ अपनी उपस्थिति में दर्ज करा रही हैं। देश की सीमा हो या फिर अन्य क्षेत्रों में उनकी सशक्त उपस्थिति देश के लिए सुखद संदेश है।
श्री सिंह सूचना एवं प्रसारण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तत्वावधान में नगर भवन में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दिवस को कन्या उत्सव के रूप में जिले में मनाया जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि लगातार घट रहे लिंगानुपात को देख पीएम मोदी ने 22 जनवरी 15 को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का शुरूआत किया था।
महिलाओं को सशक्त करने के लिए केंद्र सरकार ने कई योजनाएं शुरू की है। प्रधानमंत्री सुकन्या योजना के तहत जिले में 50 हजार से अधिक बच्चियों का रजिस्ट्रेशन हुआ। देश के डेढ़ करोड़ बच्चियों के बैंक में खाते खोले गए। उसमें 30 करोड़ से अधिक राशि जमा कराई गई। सभी स्कूलों में लड़कियों के लिए अलग शौचालय बनवाने के पीएम की घोषणा को जिले में शत प्रतिशत लागू किया गया।
देश की आठ करोड़ महिलाएं लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रहीं थी। पीएम मोदी ने उज्जवला योजना के तहत छह करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया। महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य की चिंता भी सरकार ने की। पीएम मातृ योजना प्रारंभ की गई। इस योजना के तहत गर्भवती व स्तनपान कराने वाली महिलाओं को तीन किस्त में पांच हजार रुपये देना है।
अब तक 48.5 हजार माताओं के बैंक खाते में एक-एक हजार रुपये भेजे जा चुके हैं। पहले मातृत्व लाभ के लिए 12 सप्ताह का अवकाश था। अब इसे बढ़ाकर 26 सप्ताह कर दिया गया है। मिशन इंद्रधनुष के तहत 86 लाख गर्भवती व 3.34 करोड़ बच्चों का टीकाकरण किया गया है। श्री सिंह ने कहा कि जिले के 11 गांव ऐसे हैं जहां आधी आबादी अनुसूचित जाति के लोग हैं। इन गांवों में मैने खुद रात गुजारी है। वहां के लोगों को भी विकास के योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में पटना व दरभंगा के कलाकारों ने गीतों की प्रस्तुति की। मौके पर पर्यटन मंत्री प्रमोद कुमार, विधान पार्षद बबलू गुप्ता, नगर परिषद के मुख्य सभापति अंजू देवी, जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह, मोहिबुल हक, डॉ. लालबाबू प्रसाद, गुलरेज शहजाद, डीडीसी अखिलेश कुमार सिंह, डीपीओ प्रतिमा कुमारी गिरी समेत कई लोग मौजूद थे।
महात्मा गांधी जीवन दर्शन लगाई गई चित्र प्रदर्शनी
राष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर नगर भवन के मैदान में महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर एक भव्य प्रदर्शनी लगाया गया है। दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बापू के पूरे जीवन का सचित्र वर्णन किया गया है। कृषि मंत्री द्वारा किए गए उद्घाटन के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।
यहां बापू के चंपारण आने व स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका के अलावा महिलाओं को सशक्त करने व शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों को चित्र के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इसके अलावा सामाज कल्याण विभाग व डाक विभाग द्वारा स्टॉल भी लगाया गया है। यहां बालिका सुरक्षा को लेकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।