बंद नाले एवं जलजमाव से बढ़ी परेशानी, समस्या के समाधान पर नहीं दिया जा रहा ध्यान
वार्ड 20 के लोगों ने किया प्रदर्शन, वार्ड पार्षद ने दिया सुधार करने का आश्वासन, साथ ही इस समस्या से जल्द से जल्द निजात दिलाने की मांग पर अड़े थे।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। सड़क पर नाला एवं बारिश के पानी के जलजमाव एवं कीचड़ से लोगों का आक्रोश बढ़ गया। समस्या से जूझ रहे पश्चिम चंपारण के रामनगर स्थित गोला बाजार वार्ड 20 के लोगों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। साथ ही इस समस्या से जल्द से जल्द निजात दिलाने की मांग पर अड़े थे। नाराज वार्ड के लोगों को मनाने के लिए वार्ड पार्षद के तरफ से सक्शन मशीन को भेजकर सड़क का पानी हटवाने का कार्य शुरू कराया गया है।
पर वार्ड के लोगों का कहना है कि यह तत्काल राहत देने का काम है। इससे कीचड़ को तो नहीं हटाया जा सकता है। जिससे फिसलन बना रहता है। जिस पर सवारी तो क्या पैदल भी चलना मुश्किल होता है? इस नाले का स्थायी निदान निकालने की मांग वार्ड के लोगों की है। प्रदर्शनकारियों में शामिल गुंजन कुमार, जितेन्द्र कुमार राम, संजय कुमार, विनोद कुमार साह, नंद किशोर, सन्नी कुमार, सुरेन्द्र प्रसाद, अर्जुन कुमार राम, दयाल कुमार, अजय साह, डॉ. सफी अहमद आदि का कहना है कि यह महादलित बस्ती की मुख्य सड़क है।
सड़क तो बना दिया गया है। इसके किनारे आधा अधूरा नाला बना दिया गया है। जिससे आगे भी पानी नहीं जा पाता और ना हीं इसका पानी पीछे ही निकल पाता है। जिससे बारिश होने पर सारा नाला का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। जिससे कीचड़ हो जाता है। अगर इस नाला को कुछ और आगे तक पक्का कर दिया जाता तो समस्या जड़ से खत्म हो जाती।
टोले वासियों का कहना है कि सड़क के कीचड़मय हो जाने के कारण आज सुबह ही टोलेवासी विश्वनाथ राम गिर गए। जिससे उनके कमर से चलना फिरना मुश्किल हो गया है। बताया कि इस बारे में कई बार वार्ड पार्षद से कहा गया पर अभी तक केवल आश्वासन ही दिया जाता है। केवल हमारी जरूरत वोट के समय ही पड़ती है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर इसका सामधान नहीं निकाला जाता है तो आगे भी धरना प्रदर्शन होगा। इधर वार्ड पार्षद पार्वती देवी ने कहा है कि सक्शन मशीन भेजकर रास्ते का पानी हटाया जा रहा है। एक से दो दिनों में यहां के नाला का काम शुरू करा दिया जाएगा।