'खेलो इंडिया' के लिए पांच कॉलेजों पर 50 करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव, मिलेगी ये सुविधाएं... Muzaffarpur News
कॉलेजों में खेल व खेल मैदान को विकसित करने पर होगा खर्च। बुनियादी ढांचे के विकास के लिए बजट बनाकर भेजा गया प्रस्ताव।
मुजफ्फरपुर [मुकेश कुमार 'अमन']। खिलाडिय़ों की प्रतिभा को नए मुकाम तक पहुंचाने के लिए पांच चुनिंदा कॉलेजों में 'खेलो इंडिया' स्कीम लांच की जा रही है। इसके तहत खेल के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे के विकास पर 50 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव बनकर तैयार है। कुलपति डॉ. आरके मंडल ने गुरुवार को कहा कि इस स्कीम के तहत पांच कॉलेजों का चयन किया गया है। इसमें आउटडोर गेम्स के लिए इतनी राशि की दरकार है। इसका प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा गया है। खेलो इंडिया भारत सरकार का खेल से जुड़ा महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। ये मुख्यत: स्कूल के अंडर-17 और कॉलेज के अंडर-21 के छात्रों के लिए आयोजित किया जाता है। इससे गांव और दूर-दराज इलाकों से प्रतिभाओं को चुनने में मदद मिलेगी।
इन कॉलेजों में मिलेगी ये सुविधाएं
एलएस कॉलेज में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनेगा। यहां मानव प्रदर्शन और पुनर्प्राप्ति प्रयोगशाला का भी निर्माण होगा। एमपीएस साइंस कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी फील्ड प्रकाश व्यवस्था के साथ तैयार होगी। आरएलएसवाइ बेतिया कॉलेज में सिंथेटिक फुटबॉल ग्राउंड प्रकाश व्यवस्था के साथ सुसज्जित होगा। आरडीएस कॉलेज में बैंडमिंटन, वॉलीबॉल, जूडो, रेसलिंग, हैंडबॉल, कबड्डी व अन्य खेल के लिए सुविधा होगी। एलएन कॉलेज भगवानपुर में तैराकी के लिए स्विमिंग पूल बनेगा।
बोले प्राचार्य-खेल का बेहतर वातावरण विकसित होगा
एलएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ओमप्रकाश राय व एमपीएस साइंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ठाकुर ने कहा कि खेलो इंडिया कार्यक्रम के जरिए खेल का एक बेहतर वातावरण विकसित होगा। मेधावी खिलाडिय़ों की शुरुआत में ही पहचान, उन्हें बेहतरीन ट्रेनिंग, मॉडर्न सुविधा देने से लेकर खेल के लिए शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना शामिल है। राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अच्छे खिलाडिय़ों की पहचान करने की जरूरत होती है। खेलो इंडिया कार्यक्रम के जरिये हर साल मेधावी खिलाडिय़ों की पहचान करना और उन्हें मुकाबले के लिए तैयार करना मकसद होगा।
ये भेजे गए प्रस्ताव
-एलएस कॉलेज में सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक पर सात करोड़ खर्च
-आरडीएस कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी ट्रैक प्रकाश व्यवस्था के साथ फुटबॉल मैदान पर 15 करोड़
-बहुउद्देशीय हॉल में होंगे कई गेम्स, मिलेंगे 10 करोड़
-एलएन कॉलेज में स्विमिंग पूल के लिए 8 करोड़
- मानव प्रदर्शन और पुनर्प्राप्ति प्रयोगशाला को 10 करोड़