जल्द ऑनलाइन होगा प्रॉपर्टी टैक्स, घर बैठे मिलेगी सभी जानकारी
शहर में पचास हजार से अधिक मकान प्रॉपर्टी टैक्स के दायरे में, बकाए टैक्स का पता लगाने एवं जमा करने के लिए कार्यालय का नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। नगर निगम प्रशासन बहुत जल्द प्रॉपर्टी टैक्स को ऑनलाइन करेगा। शहरवासी घर बैठे न सिर्फ प्रॉपर्टी टैक्स की जानकारी ले पाएंगे बल्कि ऑनलाइन टैक्स भी जमा कर सकते हैं। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। नगर आयुक्त संजय दूबे ने कहा कि शहर में पचास हजार से अधिक मकान प्रॉपर्टी टैक्स के दायरे में हैं। पूर्व में भी इसे ऑनलाइन करने का प्रयास किया गया था पर सफलता नहीं मिली।
इसे सफल बनाने के लिए उप नगर आयुक्त रणधीर लाल को जिम्मा दिया जा सकता है। ताकि लोगों को अपने बकाए टैक्स का पता लगाने एवं टैक्स जमा करने के लिए निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि डाटा को अपडेट किया जा रहा है। बताया कि सेल्फ असेसमेंट का कार्य भी किया जा रहा ताकि कोई भी मकान कर के दायरे से बाहर नहीं रह पाए। अन्य सुविधाओं को भी ऑन लाइन किया जाएगा।
शिकायत के लिए निगम जारी करेगा व्हाट्सएप नंबर
निगम से संबंधित किसी प्रकार की शिकायत शहरवासी घर बैठे कर सकते हैं। निगम इसके लिए व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा। अपर नगर आयुक्त विशाल आनंद ने बताया कि किसी प्रकार की शिकायत के लिए शहरवासियों को निगम कार्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। वे निगम के व्हाट्सएप पर अपनी सचित्र शिकायत कर सकेंगे। उनकी शिकायत का निष्पादन कर शिकायतकर्ता को जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही व्हाट्सएप नंबर जारी कर दिया जाएगा।